Constitution Day 2026: संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने केंद्र और राज्य सरकारों पर तंज कसा। उन्होंने बहुजन समाज से सत्ता की मास्टर चाबी हासिल करने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का आत्मसम्मान और स्वाभिमान का सपना तभी पूरा होगा, जब बहुजन समाज सत्ता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि बाबा साहेब ने दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और समाज के कमजोर वर्गों को जातिवादी शोषण,अपमान से मुक्ति दिलाने और उन्हें शासक वर्ग बनाने के लिए जीवनभर संघर्ष किया। लेकिन आज भी सत्ता की मास्टर चाबी हाथ में ना होने के कारण उनका यह मिशन आज भी अधूरा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बाबा साहेब का संदेश था कि, सत्ता ही वो मास्टर चाबी है, जिससे विकास के सभी बंद दरवाजे खुलते हैं। इसलिए संविधान दिवस पर बहुजन समाज को इस बात पर गंभीरता से विचार और चिंतन करना चाहिए।
साथ ही, मायावती ने कहा कि देश को आजाद हुए लंबा समय बीत चुका है और संविधान में सभी वर्गों के कल्याण की व्यवस्था है। इसके बावजूद बहुजन समाज दिल्ली की सत्ता से दूर क्यों है? उन्होंने केंद्र में अब तक रही सरकारों से सवाल किया कि क्या उन्होंने आरक्षण के संवैधानिक अधिकारों को पूरी ईमानदारी से लागू किया है? मायावती नें गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और आत्मसम्मान जैसे मुद्दों पर सरकारों से जवाब मांगा। मायावती ने कहा कि अगर सरकारों ने इन जिम्मेदारियों को ठीक से नहीं निभाया है तो सरकारों से इसका हिसाब लिया जाना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा में डॉ. भीमराव अंबेडकर के दिए गए अंतिम भाषण का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने जातियों को देश के लिए नुकसानदायक बताते हुए जातिवाद छोड़ने और भारत को एक राष्ट्र के रूप में मजबूत बनाने की बात कही थी। मायावती के मुताबिक, बाबा साहेब का मानना था कि केवल राजनीतिक आजादी काफी नहीं है, बल्कि देश में सामाजिक और आर्थिक लोकतंत्र भी जरूरी है। तभी समाज के सभी लोगों को बराबरी का अधिकार मिल सकेगा।
मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि संविधान की भावना को जमीन पर उतारने के लिए संकीर्ण, सामंती और जातिवादी सोच वाली पार्टियों से दूर रहना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि बसपा ने उत्तर प्रदेश में अपने चारों शासनकाल के दौरान 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' की नीति पर काम किया। उनके अनुसार, बसपा सरकारों में कानून का राज स्थापित करने और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत बुनियाद रखने का काम किया गया। मायावती ने यह भी कहा कि विरोधी पार्टियों के तमाम राजनीतिक हथकंडों के बावजूद बसपा को फिर से सत्ता में लाना सर्वसमाज के हित, सुरक्षा और खुशहाली के लिए जरूरी है।
इसके साथ ही, संविधान दिवस के अवसर पर बसपा की पंजाब इकाई की ओर से जालंधर जिले के फिल्लौर में एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बसपा की केंद्रीय इकाई की ओर से पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। मायावती ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लोगों से बाबा साहेब के विचारों को अपनाने और कल्याणकारी राज्य की स्थापना के लिए काम करने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश का समापन 'जय भीम, जय भारत और जय संविधान' के नारों के साथ किया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें