UP Politics: समाजवादी पार्टी का घोषणा-पत्र जारी होने के बाद से ही, सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बरेली में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मुस्लिम समाज की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को मुसलमानों का वोट तो चाहिए, लेकिन उनके विकास और समस्याओं की बात घोषणा-पत्र में नहीं की गई।
मौलाना ने कहा कि सपा के घोषणा-पत्र में शिक्षा, रोजगार, बिजली, सड़क और विकास जैसे मुद्दों का जिक्र किया गया है, लेकिन मुस्लिम समाज की परेशानियों को लेकर कोई ठोस बात नहीं कही गई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा मुसलमानों से वोट मांगती है तो उनके हितों को अपने घोषणा-पत्र में जगह क्यों नहीं देती?
अखिलेश यादव के पुराने कार्यकाल पर भी उठाए सवाल
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने अखिलेश यादव के पांच साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल को लेकर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज अखिलेश यादव प्रदेश से गुंडागर्दी और बदमाशी खत्म करने की बात कर रहे हैं, लेकिन उनके मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में कानून-व्यवस्था की क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने सपा के पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि अब पार्टी को अपने पुराने कामकाज पर भी जवाब देना चाहिए।
मुसलमानों की समस्याओं पर नहीं हुई बात
मौलाना ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी मुसलमानों को केवल वोट देने वाला समाज समझती है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज की आर्थिक स्थिति, शिक्षा में पिछड़ापन और रोजगार जैसी समस्याओं पर घोषणा-पत्र में कोई खास चर्चा नहीं की गई है। उनका कहना है कि, अगर सपा वाकइ में मुस्लिम समाज का हित और विकास चाहती है तो उसे इन मुद्दों पर भी खुलकर बात करनी चाहिए थी। मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने सपा के घोषणा-पत्र को खारिज करते हुए इसे बकवास और वाहियात बताया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अगर मुसलमानों का समर्थन चाहते हैं तो उन्हें उनके मुद्दों पर भी जवाब देना होगा। मौलाना ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम समाज सपा से इन सवालों का जवाब मांगेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें