बकरीद से पहले आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने मुस्लिम समुदाय से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुर्बानी खुले स्थानों, सड़कों और सार्वजनिक जगहों पर करने से बचे और इसे घरों या निर्धारित स्लॉटर हाउस में ही किया जाना चाहिए।
मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी ने कहा कि त्योहार के दौरान सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से कुर्बानी से जुड़े फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने की सलाह भी दी। उनका कहना है कि ऐसे पोस्ट कई बार विवाद और सामाजिक तनाव की वजह बन जाते हैं, इसलिए जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सड़क, चौराहों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर नमाज़ अदा करने से भी बचना चाहिए। नमाज़ मस्जिदों और घरों में ही पढ़ी जाए। यदि किसी मस्जिद में भीड़ अधिक हो, तो वहां एक से अधिक जमात आयोजित की जा सकती हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे और लोगों को असुविधा न हो। मौलाना ने प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न करने की हिदायत देते हुए कहा कि कानून और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की।
बंगाल और दिल्ली में कुर्बानी को लेकर सामने आए विवादों के बीच दिए गए इस बयान में उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न होता है, तो लोग धैर्य और शांति बनाए रखें तथा तुरंत प्रशासन या संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों को मिल-जुलकर त्योहार मनाना चाहिए और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने में सहयोग करना चाहिए।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें