यूपी में निवेश बढ़ाने को तैयार कनाडा के उद्यमी, सीएम योगी से की मुलाकात

UP Investment: कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर यूपी में एमएसएमई, धार्मिक पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की इच्छा जताई।


>उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को लेकर कनाडा के उद्यमियों ने रुचि दिखाई है। कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर प्रदेश में एमएसएमई, धार्मिक पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश की इच्छा जताई।


>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतिनिधिमंडल के सभी 24 सदस्यों का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कैनेडियन हिंदू चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के संस्थापक अध्यक्ष नरेश कुमार चावड़ा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में औद्योगिक और पर्यटन आधारित निवेश को लेकर रुचि व्यक्त की।


>मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म के क्षेत्र में नए प्रयासों को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि ‘एक जिला-एक उत्पाद’ योजना के माध्यम से प्रदेश के परंपरागत उद्योगों को डिजाइन, तकनीक और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश की लगभग 96 लाख एमएसएमई इकाइयों को सरकारी सहयोग और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है, जिनसे करीब ढाई करोड़ परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है।


>मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और यहां निवेश के लिए सुरक्षा, सुव्यवस्था और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को अयोध्या, काशी और प्रयागराज के धार्मिक स्थलों के भ्रमण के लिए आमंत्रित किया।


>उन्होंने बताया कि प्रदेश में 11 घरेलू और 4 अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट संचालित हैं, जबकि जेवर में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जल्द शुरू होने जा रहा है। एक्सप्रेसवे, रेल नेटवर्क, मेट्रो, रैपिड रेल और वाटरवे के कारण कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।


>नरेश कुमार चावड़ा ने बताया कि वर्ष 2026 में कनाडा में ‘इन्वेस्ट इंडिया-इन्वेस्ट कनाडा’ के तीन आयोजन होंगे, जिनमें से दो उत्तर प्रदेश केंद्रित होंगे। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनकी टीम यूपी में 50 बेड का हॉस्पिटल, सीनियर सिटीजन होम्स की स्थापना और प्रवासी भारतीय बच्चों को धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराने की योजना पर काम करेगी। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश में निवेश, पर्यटन और सामाजिक क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।


 

टैग्स :  

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

उद्योग जगत बोला, सीएम योगी के नेतृत्व में बदला प्रदेश का सिस्टम
योगी सरकार की पहल से 2026 में होगा अत्याधुनिक सिंगल विंडो क्लियरेंस सिस्टम का शुभारंभ
योगी सरकार के नेतृत्व में यूपी बना देश का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम
2025 में आये चांदी बाजार में संरचनात्मक बदलाव, भौतिक कमी से कीमतों में रिकॉर्ड तेजी
100% एफडीआई संशोधन से क्या भारत में बीमा होगा अधिक सुलभ और किफायती?
DSP म्यूचुअल फंड ने लॉन्च किए निफ्टी 500 इंडेक्स फंड और निफ्टी नेक्स्ट 50 ETF
Ola-Uber को टक्कर देने आ रहा भारत सरकार का भारत टैक्सी ऍप
सीएम योगी से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने की भेंट, निवेश पर हुआ संवाद
सीएम योगी के विजन से और सशक्त होगा एक जनपद-एक उत्पाद कार्यक्रम