गाजियाबाद में गर्लफ्रेंड के फ्लैट में मिला यूनिवर्सिटी टॉपर छात्र का शव, तीन युवतियां हिरासत में

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद।

 

गाजियाबाद, संवाददाता। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मसूरी थाना क्षेत्र स्थित फ्लोरा एनक्लेव में एक बीटेक छात्र का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अमरोहा निवासी 23 वर्षीय अमन सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के राजपुर स्थित सिवेट कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने फ्लैट में रहने वाली तीन युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, फ्लोरा एनक्लेव के प्लॉट नंबर 79 के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित फ्लैट के एक कमरे में अमन सिंह का शव पंखे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि इसी फ्लैट में तीन युवतियां रहती थीं, जिनमें से एक को मृतक की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

अमन सिंह अमरोहा जिले का रहने वाला था। उसके पिता शिक्षा मित्र हैं जबकि मां आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है, जो पीएचडी कर रही हैं। परिजनों के अनुसार, अमन परिवार का इकलौता बेटा था और पढ़ाई में बेहद मेधावी था। परिवार का कहना है कि अमन यूनिवर्सिटी टॉपर था और इसी वजह से उसकी कॉलेज फीस भी माफ कर दी गई थी।

 

परिवार के मुताबिक, अमन एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गाजियाबाद आया था। जिस फ्लैट में शव मिला, वह करीब सात महीने पहले किराये पर लिया गया था। फ्लैट में रहने वाली एक युवती अमरोहा की रहने वाली है और गाजियाबाद के आईएमएस कॉलेज से बीसीए फाइनल वर्ष की पढ़ाई कर रही है। बताया जा रहा है कि अमन एक दिन पहले भी फ्लैट पर पहुंचा था, लेकिन दरवाजा नहीं खुला था।

 

पुलिस ने जांच के लिए अमन का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है। फोरेंसिक विशेषज्ञ भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

मृतक के परिजनों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।


 

टैग्स :  Ghaziabad News, अमन सिंह, गाजियाबाद, फ्लोरा एनक्लेव

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

भाई की हत्या के एक साल बाद अब तस्लीम की जान गई, लोनी में पुरानी दुश्मनी का खूनी अंजाम
यूपी गेट पर महापौर के निरीक्षण में मिला गंदा पानी, अवैध पार्किंग पर नोटिस
स्कूल, मंदिर और रिहायशी इलाका - बीच में खुली शराब की दुकान पर भड़के स्थानीय लोग
लोनी हत्याकांड में नया मोड़, धरने के बाद मुखिया गुर्जर और मनोज धामा पर कार्रवाई
गाजियाबाद के होटल में युवती मृत मिली, युवक हिरासत में लेकर पूछताछ
पहली बार कवच-4.0 के साथ दौड़ी शताब्दी एक्सप्रेस, रेलवे ने हासिल की ऐतिहासिक उपलब्धि
सूर्या की हत्या के बाद फरार था सारिक, गिरफ्तारी के बाद पुलिस को बताई हमले की पूरी कहानी
किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा, पैर में गोली लगने के बाद आया पुलिस की गिरफ्त में
चिराग त्यागी हत्याकांड में एक और गिरफ्तारी, हथियार दिलाने में मदद करने वाला पैरा एथलीट गगन त्यागी पकड़ा गया