UP Special TET 2026: उत्तर प्रदेश में विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी अपडेट सामने आया है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने स्पेशल टीईटी परीक्षा की तिथि की घोषणा कर दी है। आयोग के मुताबिक प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर परीक्षा 3 नवंबर आयोजित होगी। परीक्षा को दो पालियों में संपन्न कराया जाएगा। पहली पाली की परीक्षा प्रातःकाल 9.30 बजे से लेकर दोपहर 12 बजे तक होगी। वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2.30 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चलेगी।
अभ्यर्थियों के लिए उनके परीक्षा शहर की जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गयी है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर परीक्षा शहर की जानकारी ले सकते हैं। इससे परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा और अन्य जरूरी तैयारियां समय से पूरी करने में मदद मिलेगी। स्पेशल टीईटी परीक्षा तीन नवंबर को प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और आगरा में आयोजित होगी। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के मुताबिक अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड 31 अक्टूबर को वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिये जाएंगे। अभ्यर्थियों को लाॅगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा।
अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे निर्धारित तिथि पर वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें और दर्ज विवरण की जांच कर लें। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और निर्धारित पहचान पत्र साथ ले जाना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के बिना अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। उल्लेखनीय है कि यह परीक्षा विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत आयोजित की जा रही है। इसका विज्ञापन 5 सितंबर 2026 को जारी किया गया था।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें