भीषण गर्मी में ग्रेटर नोएडा बेहाल, हाईराइज सोसाइटी से सेक्टरों तक बिजली कटौती पर फूटा लोगों का गुस्सा

रातभर अंधेरे में रहे हजारों परिवार, कई इलाकों में घंटों बाधित रही बिजली आपूर्ति - निवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी।

 

उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच ग्रेटर नोएडा में लगातार बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हाईराइज सोसाइटी से लेकर सेक्टरों तक घंटों बिजली गुल रहने के कारण लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन कर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।

 

ग्रेनो वेस्ट स्थित श्रीराधा स्काई गार्डन सोसाइटी के निवासियों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। निवासियों का आरोप है कि गुरुवार रात से शुरू हुई बिजली की समस्या शुक्रवार तक बनी रही। सोसाइटी में रहने वाले लोगों के मुताबिक परिसर में करीब 1500 परिवार रहते हैं और भीषण गर्मी के बीच रात करीब 11:30 बजे एनपीसीएल की मुख्य बिजली सप्लाई बाधित हो गई।

 

निवासियों का आरोप है कि अधिक लोड होने के बावजूद प्रबंधन की ओर से बिजली बैकअप के लिए डीजल जनरेटर नहीं चलाया गया। इसके चलते हजारों लोगों को देर रात तक सड़क पर समय बिताना पड़ा। कई परिवारों ने रात करीब एक बजे तक खुले में रहकर रात गुजारी।

 

इसी तरह अजनारा होम्स सोसाइटी में भी पिछले दो दिनों से लगातार बिजली की आंख-मिचौली से लोग परेशान हैं। सोसाइटी निवासी दिनकर पांडेय ने बताया कि गुरुवार देर रात मुख्य बिजली सप्लाई बाधित होने के बाद भी प्रबंधन की ओर से बैकअप व्यवस्था शुरू नहीं की गई। इससे लोगों को करीब दो से ढाई घंटे तक अंधेरे में रहना पड़ा।

 

ग्रेटर नोएडा की पंचशील ग्रीन-1, सुपरटेक इको विलेज-2 और फ्रेंच अपार्टमेंट समेत कई अन्य सोसाइटी में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। वहीं सेक्टर डेल्टा-2 में भी लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सेक्टर के कई ब्लॉकों में रात करीब 11 बजे बिजली गुल हो गई और 10 घंटे से अधिक समय तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।

 

निवासियों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली कटौती हो रही है। भीषण गर्मी और उमस के कारण बिना कूलर और एसी के रात बिताना मुश्किल हो गया है। लोगों का आरोप है कि तापमान बढ़ने के साथ बिजली संकट और गहरा रहा है। क्षेत्र में बढ़ते असंतोष के बीच कई सोसाइटी के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो बिजली विभाग के खिलाफ बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।


 

टैग्स :  ग्रेटर नोएडा, बिजली कटौती, Greater Noida power cut

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

ऑटो से करते थे रेकी, कारोबारी समेत तीन घरों में चोरी करने वाला गैंग गिरफ्तार, 50 लाख का माल बरामद
नोएडा में खुलेआम हथियार लहराकर दबंगई, फायरिंग का वीडियो भी वायरल - पुलिस जांच में जुटी
बीमारी और तनाव के बीच नोएडा में दो आत्महत्याएं: 9वीं मंजिल से कूदे बुजुर्ग, किशोरी ने भी उठाया खौफनाक कदम
नॉएडा में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचला, यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने पहुंचाया अस्पताल
नोएडा सेक्टर-62 में सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट कर युवक ने किया हंगामा घटना का वीडियो हुआ वायरल
नोएडा में 1 मई को धारा 163 रहेगी लागू, ड्रोन से हर गतिविधि पर कड़ी नजर
जेवर एयरपोर्ट में विदेशी CEO हटे, नीतू सामरा को मिली अंतरिम कमान
नोएडा हिंसा का मास्टरमाइंड तमिलनाडु से गिरफ्तार, 1 लाख का इनामी आरोपी दबोचा गया
नोएडा हिंसा में पाकिस्तानी कनेक्शन वाली डिजिटल साजिश का हुआ खुलासा