KGMU Lucknow: लखनऊ के केजीएमयू में धर्मांतरण और डॉ. रमीज से जुड़े मामले में अब कार्रवाई की तैयारी तेज हो गई है। STF की सात पेज की जांच रिपोर्ट में नाम सामने आने के बाद 13 डॉक्टरों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए छह सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इस मामले ने मेडिकल संस्थान में काम करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों के बीच भी चर्चा बढ़ा दी है।
कार्यपरिषद की मंजूरी के बाद गठित यह कमेटी मंगलवार को अपनी पहली बैठक करेगी। बैठक में STF की रिपोर्ट में दर्ज आरोपों और सबूतों पर चर्चा होगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई को लेकर फैसला लिया जा सकता है।
कमेटी में केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद और कुलसचिव रीना सिंह को शामिल किया गया है। इनके अलावा विश्वविद्यालय के दो शिक्षक और दो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी भी कमेटी का हिस्सा हैं। शिक्षक सदस्यों में एक अन्य OBC और दूसरे दलित वर्ग (SC) से है।
अधिकारियों के मुताबिक, कमेटी पहले STF की रिपोर्ट की जाँच करेगी। इसके बाद जरूरत पड़ने पर संबंधित डॉक्टरों से उनका पक्ष भी पूछा जाएगा। सभी तथ्यों और सबूतों को देखने के बाद कार्रवाई की अपील की जाएगी।
जांच को प्रभावित होने से बचाने के लिए आरोपी डॉक्टरों को महत्वपूर्ण प्रशासनिक और विभागीय जिम्मेदारियों से हटाने का प्रस्ताव भी विचाराधीन है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला कमेटी की सिफारिश के बाद लिया जाएगा।
राज्यपाल से डॉक्टरों को बर्खास्त करने की मांग
दूसरी तरफ, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। परिषद के अध्यक्ष गोपाल राय ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्य आरोपी डॉ. रमीज समेत STF की रिपोर्ट में नामजद सभी 13 डॉक्टरों को बर्खास्त करने की मांग की है।
परिषद ने आरोप लगाया है कि प्रेम, शादी, नौकरी और आर्थिक मदद का लालच देकर युवतियों का शोषण किया गया और उन पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया। संगठन ने पूरे मामले और इससे जुड़े नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की है। परिषद का कहना है कि मामले में किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति को बचाया नहीं जाना चाहिए।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें