Lucknow Fire: राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के हरदोई रोड स्थित यादव बाजार में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गयी। आग परचून की दुकान और गोदाम में लगी। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गयी और दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। बताया जा रहा है कि इस भीषण अग्निकांड में लगीाग 15 से 20 लाख रुपये के नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना के समय दुकान और गोदाम के अंदर कोई सदस्य मौजूद नहीं था।
मिली जानकारी के अनुसार यादव बाजार में स्थित दो मंजिला मकान में मनीष गुप्ता परिवार के साथ रहते है। मकान के निचले हिस्से में परचून की दुकान संचालित है। वहीं ऊपरी हिस्से में सामान रखने के लिए गोदाम बनाया गया है। बताया जा रहा है कि भाई दूज के अवसर पर मनीष पत्नी के साथ ससुराल गए हुए थे। मनीष के छोटे भाई मिलन और परिवार के अन्य सदस्य पास ही फुलेश्वर मंदिर के पास रहते हैं।
गुरुवार सुबह मकान में आग लगने की सूचना मिलने पर हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे दुकान और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों ने दुकान में रखा कुछ सामान बाहर निकाल लिया, लेकिन गोदाम में रखा अधिकांश सामान आग में जलकर राख हो गया। आग में परचून दुकान में रखा आटा, मैदा, दाल, चीनी, तेल और दोना-पत्तल सहित कई सामान जलकर खाक हो गये।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गयीं। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक लाखों रुपए का सामान जल चुका था। इस संबंध में इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने कहा कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें