Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले से बेहद दुखद सामने आई। जिले के मारवाह इलाके में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) के शव गुरुवार को बरामद किए गए। दोनों जवानों की हत्या गोली मारकर की गई है। शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले हैं। दो पुलिस अफसरों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आतंकियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद किश्तवाड़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
मृतक जवानों की पहचान 40 वर्षीय रशपाल कुमार और 54 वर्षीय बॉबी चंद के रूप में हुई है। दोनों अफसर स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) से जुड़े थे। जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर देहरना जंगल में स्थानीय लोगों ने गोलीबारी की आवाज सुनी थी। इसके बाद दोनों पुलिस अफसरों से संपर्क नहीं हो सका था। साथ ही उउनके फोन भी बंद हो गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों एसपीओ बसनन इलाके में तैनात सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल्स की टुकड़ी के साथ गश्त पर थे। वे धेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका संपर्क टूट गया।
जब काफी देर तक दोनों पुलिस अफसरों से संपर्क नहीं हुआ तो फिर सुरक्षाबलों ने उनकी तलाशी के लिए अभियान शुरू किया। गुरुवार सुबह दच्छन इलाके में पहले एक जवान का शव मिला। फिर इसके कुछ देर बाद दूसरे जवान का भी शव बरामद कर लिया गया। दोनों के हथियार घटनास्थल से गायब थे। इनमें एक 303 राइफल और दूसरी इंसास राइफल शामिल है।
किश्तवाड़ की बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने घटना पर गहरा शोक प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि दो जवानों की मौत दुखद है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा कि दोनों जवानों की जान लेने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें