Agniveer Scheme: भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में देश की सेवा कर रहे सैनिको के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब अग्निवीरों को चार साल की निर्धारित सेवा के बाद दो साल और सेना में काम करने का अवसर मिल सकेगा। इस निर्णय से उन हजारों युवाओं को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो सेना में लंबे समय तक रहकर देश की सेवा करना चाहते हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से लिए गए इस निर्णय की जानकारी चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने दी है।
जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने इसे भारतीय सशस्त्र बलों और अग्निवीरों के लिए महत्वपूर्ण दिन बताया। सीडीएस जनरल सुब्रमणि के मुताबिक अग्निपथ योजना के तहत पहले बैच के 25 फीसदी अग्निवीरों को मेरिट और तय नियमो के आधार पर सेना में स्थायी नौकरी का मौका मिलेगा। वही बाकी अग्निवीरों का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाया जाएगा। इस तरह उन्हें कुल छह साल तक सेना में काम करने का मौका मिलेगा। दो साल पूरे होने के बाद योग्य अग्निवीरों को सेना में स्थायी नौकरी पाने का मौका मिलेगा। इसके लिए इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया और जरूरी शर्तो को पूरा करना होगा। यानी युवाओं के सामने सेना में आगे बने रहने का एक और रास्ता खुलेगा।
सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने बताया कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। पहले बैच के चार साल पूरे होने के करीब हैं। इस दौरान अग्निवीरों के कामकाज, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और प्रदर्शन को लेकर अच्छा फीडबैक मिला है। इसी समीक्षा के बाद अतिरिक्त सेवा देने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के तहत दो साल की अतिरिक्त सेवा करने वाले अग्निवीरों को पहले की तुलना में अधिक पारिश्रमिक और बढ़ी हुई सेवा निधि का लाभ मिलेगा। इससे युवाओं को आर्थिक रूप से भी मदद मिलेगी। सेना में काम करने के साथ उन्हें अपने भविष्य को बेहतर बनाने का एक और मौका मिलेगा।
सीडीएस ने बताया कि अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया को भी पारदर्शी बनाया गया है। अब पहले लिखित परीक्षा होती है और उसके बाद शारीरिक परीक्षा ली जाती है। सभी जिलों से युवाओं को सेना में आने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा 10वीं पास अग्निवीरों को आगे की पढ़ाई का मौका भी दिया गया है। इस फैसले से उन युवाओं को नई उम्मीद मिली है, जो सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करना चाहते हैं और आगे भी इसी क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें