Lucknow News: अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर राजधानी लखनऊ में शनिवार को बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। राज्य के विभिन्न अधिवक्ता संगठनों के समर्थन से निकाले गए मार्च के दौरान हजरतगंज चैराहे पर वकीलों ने जमकर नारेबाजी की। विधानसभा की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके बाद वकील दूसरी बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। वकीलों के जोरदार प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही।
वकीलों का पैदल मार्च शनिवार को कैसरबाग स्थित न्यायालय परिसर से शुरू हुआ। यहां से बड़ी संख्या में एकजुट होकर वकील परिवर्तन चैक और अटल चैक होते हुए विधानसभा की बढ़ने लगे। इस दौरान मार्च में शामिल वकीलों ने रास्ते भर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। हजरतगंज चैराहे पर पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी वकील विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश करने लगे।
वकीलों को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगायी थी। वकीलों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर विधानसभा की ओर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने वकीलों को रोकने और स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए भरपूर कोशिश की। प्रदर्शन कर रहे वकीलों की मुख्य मांग है कि राज्य सरकार शीघ्र ही अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करे। वकीलों का कहना है कि अधिवक्ताओं को अपने पेशे के दौरान कई तरह की चुनौतियों और सुरक्षा संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनकी सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाया जाना आवश्यक है।
अधिवक्ताओं का यह भी कहना है कि इस कानून के लागू होने से वकीलों को सुरक्षा मिलेगी। साथ ही उनके खिलाफ होने वाली हिंसा समेत अन्य घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। उल्लेखनीय है कि वकीलों ने पूर्व में ही विधानसभा घेराव का ऐलान कर दिया था। जिसको लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क था। हजरतगंज चैराहे समेत पूरे मार्ग पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात की गयी थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बल भी लगाया गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें