>मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाया जा रहा मिशन शक्ति 5.0 अभियान प्रदेश में महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दे रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने अंतरराष्ट्रीय बालिका सप्ताह के अवसर पर पूरे प्रदेश में “सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप” आयोजित की। इन कार्यशालाओं के माध्यम से छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के गुर, कानूनी अधिकार और संकट की स्थिति में सरकारी सहायता का सही उपयोग सिखाया जा रहा है। अब तक 13.58 लाख से अधिक लोगों तक मिशन शक्ति 5.0 के संदेश और प्रशिक्षण पहुंच चुके हैं।
>प्रदेश के जिला, ब्लॉक और गांव स्तर पर आयोजित कार्यशालाओं में महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े अधिकारों और तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।
-
स्कूलों में विशेषज्ञों ने छात्राओं को सिखाया कि सामाजिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा कैसे सुनिश्चित करें
-
बालिकाओं को यह समझाया गया कि खुद को कमजोर न समझें, बल्कि अपनी क्षमताओं से संकट का सामना करें
-
कार्यक्रमों में हेल्पलाइन नंबर और साइबर सुरक्षा की जानकारी भी प्रदान की गई
>
>कार्यक्रमों में भाग लेने वाली छात्राओं ने बताया कि प्रशिक्षण ने उन्हें आत्मविश्वास दिया और परिवार तथा समाज में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया। योगी सरकार की पहल का उद्देश्य है कि महिलाएं और बालिकाएं आत्मनिर्भर, सुरक्षित और जागरूक बनें।
>इन कार्यक्रमों का संचालन विषय विशेषज्ञों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रशिक्षकों की मौजूदगी में किया गया। इसमें यह भी बताया गया कि कोई भी बालिका या महिला संकट में चुप न रहे, बल्कि सरकारी और सामाजिक सहायता का सही इस्तेमाल करें।
>महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव लीना जौहरी ने कहा कि यह अभियान बालिकाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सेल्फ डिफेंस वर्कशॉप शिक्षा के समान आवश्यक है और यह पूरे प्रदेश में महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित और समावेशी वातावरण बनाने में मदद करेगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें