प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज का हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है, वहीं अमोनिया गैस के रिसाव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना चंदापुर इलाके की बताई जा रही है, जहां जर्जर कोल्ड स्टोरेज का छज्जा गिर गया। इसके बाद गैस रिसाव शुरू होने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे बचाव कार्य में बाधा भी आई। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान तेज किया।
अधिकारियों के मुताबिक घटना दोपहर करीब 2 बजे की है। सूचना मिलते ही SDRF और NDRF को भी अलर्ट कर दिया गया। अब तक करीब छह घायलों को अस्पताल भेजा गया है, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर भवन की जर्जर स्थिति को वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्य जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें