UP Holiday Calendar 2027: उत्तर प्रदेश सरकार ने साल 2027 में पड़ने वाले सार्वजनिक और निर्बन्धित अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। नए कैलेंडर में खास बात यह है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले सरकारी कार्यालयों में होली पर लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। जबकि दीपावली पर तीन दिन का अवकाश रहेगा। इसके अलावा मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को भी सार्वजनिक अवकाश की सूची में शामिल किया गया है।
इससे पहले ये तीनों पर्व निर्बन्धित अवकाश की श्रेणी में आते थे। सरकार की ओर से जारी कैलेंडर के अनुसार 2027 में कुल 26 सार्वजनिक अवकाश, 27 निर्बन्धित अवकाश और दो छुट्टियां कार्यकारी आदेशों के तहत निर्धारित की गई हैं। हालांकि सार्वजनिक अवकाशों में से चार रविवार और छह शनिवार को पड़ रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों को कुछ छुट्टियों का अतिरिक्त लाभ नहीं मिल सकेगा।
साल 2027 में होली का त्योहार सरकारी कर्मचारियों के लिए खास रहने वाला है। 22 मार्च (सोमवार) को होलिका दहन और 23 मार्च (मंगलवार) को होली का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह वाले सरकारी कार्यालयों में 20 मार्च शनिवार और 21 मार्च रविवार होने के कारण कर्मचारियों को लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। जबकि दीपावली पर भी सरकारी कर्मचारियों को लगातार तीन दिन की छुट्टी मिलेगी।
29 अक्टूबर को शुक्रवार के दिन दीपावली का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके अगले दिन 30 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा और 31 अक्टूबर को रविवार होने के कारण कर्मचारियों को तीन दिन का अवकाश मिलेगा। साल 2027 में संत रविदास जयंती (20 फरवरी), महाशिवरात्रि (6 मार्च), महात्मा गांधी जयंती (2 अक्टूबर), विजयदशमी (9 अक्टूबर), गोवर्धन पूजा (30 अक्टूबर) और क्रिसमस (25 दिसंबर) शनिवार को पड़ रहे हैं। वहीं स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त), भैयादूज (31 अक्टूबर), गुरु नानक जयंती (14 नवंबर) और हजरत अली का जन्म दिवस (12 दिसंबर) रविवार को पड़ेंगे।
मकर संक्रांति, संत रविदास जयंती और महर्षि वाल्मीकि जयंती को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया साल है। संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि जयंती का दलित समाज में विशेष महत्व माना जाता है। विधानसभा चुनाव से पहले इन छुट्टियों को सार्वजनिक अवकाश की श्रेणी में शामिल किए जाने के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें