Thursday, 19 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: नई पीढ़ी को बताना होगा 10 साल पहले कैसा था यूपी..., CM योगी बोले: अब प्रदेश में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'बंटोगे तो कटोगे' और 'एक हैं तो सेफ हैं' के नारों पर कहा कि इनका उद्देश्य समाज में ध्रुवीकरण करना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क और जागरूक करना है।
Bureau
Bureau News Desk
18 Nov 2026
03:53 PM
1 min read
UP News: नई पीढ़ी को बताना होगा 10 साल पहले कैसा था यूपी..., CM योगी बोले: अब प्रदेश में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
सीएम योगी बोले: नई पीढ़ी को बताना होगा 10 साल पहले कैसा था उत्तर प्रदेश
'बंटोगे तो कटोगे' और 'एक हैं तो सेफ हैं' का संदेश ध्रुवीकरण नहीं, सतर्कता के लिए है
सपा सरकार पर योगी का हमला, बोले: पहले यूपी में कर्फ्यू और गुंडागर्दी आम थी
निवेश से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिलने का दावा, प्रदेश में 25 हजार स्टार्टअप

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आज की जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी को 10 साल पहले के उत्तर प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी देना जरूरी है। एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 से 25-27 वर्ष की उम्र के युवाओं ने प्रदेश में पहले का दौर नहीं देखा है, जब दंगे, कर्फ्यू, गुंडागर्दी और रंगदारी आम चर्चा का विषय हुआ करते थे। नई पीढ़ी को यह बताना जरूरी है कि पहले प्रदेश में किस तरह की परिस्थितियां थीं और अब कितना बदलाव आया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा और कर्फ्यू मुक्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि कानून-व्यवस्था में सुधार के कारण प्रदेश में निवेश, रोजगार और विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'बंटोगे तो कटोगे' और 'एक हैं तो सेफ हैं' के नारों पर कहा कि इनका उद्देश्य समाज में ध्रुवीकरण करना नहीं, बल्कि लोगों को सतर्क और जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान को सुरक्षित रखने के लिए अतीत की गलतियों को याद रखना जरूरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने में युवाओं को महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी।

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 9.75 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य दस साल का कार्यकाल पूरा होने तक यह संख्या 10.5 लाख तक पहुंचाना है। निवेश के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार मिलने का भी दावा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 96 लाख MSME इकाइयों में 3.25 करोड़ से अधिक लोग काम कर रहे हैं। वहीं स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। इनमें लगभग आधे स्टार्टअप महिलाओं द्वारा संचालित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का युवा अब नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। कानपुर में मेडटेक और ड्रोन टेक्नोलॉजी, नोएडा में रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर तथा लखनऊ में AI सिटी विकसित की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। प्रति व्यक्ति आय भी 43 हजार से बढ़कर 1.24 लाख रुपये तक पहुंची है। जेवर एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, डिफेंस कॉरिडोर और मेट्रो परियोजनाओं को विकास की नई पहचान बताते हुए उन्होंने कहा कि जिस उत्तर प्रदेश में कभी कट्टा और बम बनने की चर्चा होती थी, आज वहां ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए जवाहर बाग, मुजफ्फरनगर, कोसीकलां और अलीगढ़ में हुई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय प्रदेश में बार-बार दंगे होते थे और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। जवाहर बाग की घटना में पुलिस अधिकारियों समेत 23 लोगों की मौत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश में सुरक्षा का माहौल बेहतर हुआ है।

अयोध्या और मथुरा के विकास पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ये स्थान चुनावी एजेंडा नहीं, बल्कि देश की आस्था और सांस्कृतिक विरासत के केंद्र हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, अयोध्या अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, मथुरा-वृंदावन के विकास और 4,500 से अधिक प्राचीन मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार का उल्लेख किया। सीर गोवर्धन में संत रविदास कॉरिडोर, प्रतिमा और फोरलेन सड़क निर्माण को भी उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

Explore Related Topics

Yogi Adityanath CM Yogi News Uttar Pradesh Development

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News