>ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मंगलवार को गाजीपुर पहुंचकर एकमुश्त समाधान योजना के तहत स्थापित कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के लाभ, पिछले बिजली बिलों की स्थिति और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
>निरीक्षण के दौरान मंत्री शर्मा ने कहा कि OTS योजना से उपभोक्ताओं को पुराने बकाया बिलों से राहत मिल रही है। उनके अनुसार, अब तक 3 लाख से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ ले चुके हैं, जिससे विभाग को 200 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये बकाया बिल वर्तमान सरकार के कार्यकाल के नहीं बल्कि पूर्व वर्षों के हैं, जब बिजली आपूर्ति अनियमित थी।
>विपक्ष द्वारा मुफ्त बिजली के मुद्दे उठाने पर मंत्री ने कहा कि पूर्व सरकारों के समय बिजली नहीं आती थी, लेकिन लाखों के बिल आते थे। एसआईआर प्रक्रिया पर उन्होंने चुनाव आयोग का आभार जताते हुए कहा कि यह देश की संप्रभुता और कानून व्यवस्था को मजबूत करता है। वहीं बाहरी घुसपैठियों पर उन्होंने कहा, जिन लोगों को देश में रहने का दर्जा नहीं मिला, उन्हें बाहर भेजा जाना चाहिए।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें