Akhilesh Yadav Ayodhya Visit: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अगले माह 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे। इस दौरान सपा प्रमुख राम मंदिर जाकर रामलला के भी दर्शन करेंगे। साथ ही हनुमानगढ़ी में भी पूजा-अर्चना करेंगै। छोटी दीपावली के पावर अवसर पर सपा नेता एवं पूर्व मंत्री पवन पांडे ने यह जानकारी दी।
पवन पांडे ने एक कार्यक्रम में बताया कि सपा मुखिया अखिलेश यादव अपने परिवार के साथ 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचेंगे। अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल यादव, बेटा और बेटी भी उपस्थित रहेंगे। अयोध्या दौरे के दौरान सपा प्रमुख राम जन्मभूमि मंदिर जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह परिवार समेत हनुमानगढ़ी जाकर बजरंगबली का भी आशीर्वाद लेंगे।
पवन पांडे ने बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का यह दौरा पूरी तरह से धार्मिक होगा। वह रामनगरी अयोध्या में पूरा दिन बिताएंगे। इस दौरान वह साधु-संतों तथा महंतों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लेंगे और उनके साथ प्रसाद भी ग्रहण करेंगे। पूर्व मंत्री पवन पांडे ने राम मंदिर में हुई चोरी का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामलला और हनुमानगढ़ी में भगवान बजरंगबली से प्रार्थना करेंगे। साथ ही राम मंदिर में चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ न्याय की कामना करेंगे।
उल्लेखनीय है पिछले दिनों अयोध्या दौरे के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पवन पांडे को अगली यात्रा की तिथि तय करने की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब पवन पांडे ने सपा प्रमुख के अयोध्या दौरे तारीख का ऐलान कर दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का अयोध्या दौरा धार्मिक और राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। राम मंदिर के निर्माण होने के बाद से अयोध्या उत्तर प्रदेश की राजनीति का केंद्र बनी हुई है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने फैजाबाद सीट फतह करने के बाद से अयोध्या हमेशा चर्चा में बनी रहीं। इस सीट से सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद ने बीजेपी उम्मीदवार लल्लू सिंह को हराया था।
अब तक रामलला के दर्शन को नहीं गये अखिलेश यादव
अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण होने के बाद से लेकर अब तक सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव रामलला के दर्शन को नहीं गये हैं। जिसको लेकर सवाल भी उठते रहे हैं। हालांकि सपा अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा था कि इटावा में केदारेश्वर शिव मंदिर के निर्माण होने के बाद वह अयोध्या पहुंचेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि जब ईश्वर बुलाते हैं, तभी इंसान वहां पहुंचता है। अक्टूबर में भी सपा प्रमुख अयोध्या पहुंचे थे, लेकिन वह पूर्व मंत्री पवन पांडे के यहां आयोजित भागवत कथा में ही शामिल हुए थे। राम मंदिर नहीं गये थे। अब पूर्व मंत्री पवन पांडे ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या आगमन और रामलला के दर्शन करने की तारीख का ऐलान कर दिया है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें