अम्बेडकरनगर जिले को प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को सभी नौ विकास खंडों में विशेष प्लास्टिक एकत्रीकरण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायतों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों से बड़ी मात्रा में सिंगल यूज़ प्लास्टिक सहित अन्य प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। अधिकारियों के अनुसार एकत्रित प्लास्टिक को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तक पहुंचाकर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाएगा।
यह अभियान जिला पंचायत राज विभाग के निर्देश पर जिले के सभी विकास खंडों में एक साथ चलाया गया। अभियान में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम पंचायत सचिवों और सफाई कर्मियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
अभियान के दौरान बसखारी विकास खंड की हंसवर और रामडीह सराय ग्राम पंचायतों से कुल 60 किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया। भीटी विकास खंड के सेहरा जलालपुर से 50 किलोग्राम प्लास्टिक जुटाया गया।
भियांव विकास खंड के नेवादा और अंबरपुर से एक कुंतल, कटेहरी विकास खंड के अनावा और मंशापुर से एक कुंतल तथा जलालपुर विकास खंड के खजुरी गांव से 1.10 कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्र किया गया।
इसी प्रकार टांडा विकास खंड के सदरपुर, चिंतौरा, रसूलपुर मुबारकपुर और सलेमपुर से एक कुंतल, रामनगर विकास खंड मुख्यालय से 80 किलोग्राम, जहांगीरगंज विकास खंड के पदमपुर और देवरिया से 60 किलोग्राम तथा अकबरपुर विकास खंड के सिकंदरपुर से 1.10 कुंतल प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को जिले के प्रत्येक क्लस्टर की बाजार वाली ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से प्लास्टिक एकत्रीकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्लास्टिक कचरे के अनियंत्रित उपयोग को कम करना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना है।
अधिकारियों का कहना है कि नियमित अभियान के माध्यम से प्लास्टिक कचरे के सुरक्षित संग्रहण और उसके वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।
अभियान के दौरान एकत्रित सभी प्लास्टिक कचरे को संबंधित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट तक भेजा जाएगा, जहां उसका वैज्ञानिक और निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण किया जाएगा। विभाग का मानना है कि इस प्रक्रिया से प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के साथ स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
प्लास्टिक मुक्त अभियान को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता से जोड़ते हुए जिले में लगातार चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केवल प्लास्टिक कचरा एकत्र करना नहीं, बल्कि लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उसके उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करना भी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें