>कुर्सी थाना क्षेत्र स्थित एक पशु वधशाला में सोमवार को हुए मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब एक कर्मचारी ने अपने ही साथी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में लखनऊ ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को तुरंत मौके से गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
>पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहम्मद वसी (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पंजाब के मोहाली जिले के लालूरी मंडी का रहने वाला था और कुर्सी क्षेत्र की वधशाला में ठेके पर काम कर रहा था। घटना के वक्त वह रोज़ की तरह काम कर रहा था, तभी उसका विवाद वहीं कार्यरत रियाज, निवासी पडरौना (कुशीनगर) से हो गया।
गुस्से में आया रियाज, पेट में मारा चाकू
>गवाही के मुताबिक, विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया और रियाज ने आवेश में आकर वसी पर चाकू से हमला कर दिया। उसने वसी के पेट में गहरा वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। फैक्ट्री में इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल घायल वसी को लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां देर रात करीब 11 बजे वसी ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने की तत्काल गिरफ्तारी, पूछताछ जारी
>थाना प्रभारी ए.के. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रियाज को घटनास्थल से गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी कहासुनी का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे किसी गहरे विवाद की भी जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें