Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

Yogi Adityanath: सीएम योगी का हमला, बोले चुनाव से पहले ही फेल हो गई दो लड़कों की जोड़ी

Yogi Adityanath: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम में सपा, कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
02:40 PM
1 min read
Yogi Adityanath: सीएम योगी का हमला, बोले चुनाव से पहले ही फेल हो गई दो लड़कों की जोड़ी
सोर्स - फाइल फोटो
हाइलाइट्स
चुनाव से पहले ही फेल हुई दो लड़कों की जोड़ी: योगी
सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सीएम योगी का तंज
अखिलेश से बोले योगी- रामभक्तों से माफी मांगें
राहुल गांधी को बताया नाकाम रॉकेट

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा है। सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि, पहले दो लड़कों की जोड़ी चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद फेल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही फेल हो गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि, एक तरफ सपा और कांग्रेस के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया जा रहा है। इससे बड़ा अपमान क्या हो सकता है?

सीएम योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ में एक निजी न्यूज चैनल के कार्यक्रम मे आए और इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों, सपा-कांग्रेस गठबंधन, राम मंदिर, कानून-व्यवस्था, रोजगार, निवेश और प्रदेश के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसा और अखिलेश यादव के PDA को परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी का नाम दिया।

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के कुछ नियम और मर्यादाएं होती हैं। लेकिन दोनों दलों के बीच जो स्थिति दिखाई दे रही है, उससे साफ लगता है कि वे एक-दूसरे को पीछे करने में जुट हुए हैं।उन्होंने कहा कि एक तरफ सीटों को लेकर बातचीत चल रही है और दूसरी तरफ उम्मीदवारों की घोषणा की जा रही है। ऐसे में गठबंधन की गंभीरता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। वहीं NDA में किसी तरह के विवाद को इनकार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल साथ हैं। सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे और गठबंधन में कोई परेशानी नहीं है।

अयोध्या दर्शन करने जाएं तो रामभक्तों से माफी मांगें अखिलेश

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि रामलला के दर्शन करना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने 90 के दशक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, अगर उस समय सपा को सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत ही नहीं आती। योगी ने कहा कि माफी मांगने से कोई छोटा नहीं हो जाता। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का वोट बैंक कोई एक जाति या वर्ग नहीं है बल्कि हर वो राष्ट्रवादी नागरिक भाजपा का समर्थक है, जो देश और संविधान में विश्वास रखता है। भाजपा कोई वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि सबको साथ लेकर चलने की है।

2017 से पहले बीमारू था यूपी, अब बना विकास का इंजन

प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान गुंडागर्दी, अराजकता और खराब कानून-व्यवस्था से होती थी। व्यापारी परेशान थे और निवेशक प्रदेश में आने से डरते थे। उन्होंने कहा कि मार्च 2017 में सरकार बनने के बाद सबसे पहले कानून-व्यवस्था को ठीक करने पर काम किया गया। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने वाला बड़ा राज्य बन रहा है। मुख्यमंत्री योगी के अनुसार, प्रदेश में अब तक करीब 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय में भी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने बताया कि यूपी में एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और रेलवे के क्षेत्र में तेजी से काम हुआ है। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो चल रही है और 17 एयरपोर्ट चालू हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं।

जहां बनते थे कट्टे-बम, वहां अब बन रही ब्रह्मोस मिसाइल

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में उद्योग और हथियार निर्माण के क्षेत्र में हो रहे काम का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश में कट्टे और बम बनाने की खबरें आती थीं, लेकिन आज इसी प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल, रिवॉल्वर और आधुनिक राइफल बनाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश को करीब 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना से छोटे कारोबारियों को फायदा हुआ है और इस क्षेत्र में करीब सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। योगी ने कहा कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा जैसे इलाकों में अब बड़े उद्योग लग रहे हैं। जेवर एयरपोर्ट, सेमीकंडक्टर यूनिट, फिल्म सिटी और डेटा सेंटर जैसी परियोजनाएं प्रदेश की नई पहचान बन रही हैं। उन्होंने दावा किया कि देश में बनने वाले मोबाइल फोन का करीब 55 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

कानून तोड़ने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी

बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के सवालों पर मुख्यमंत्री ने जवाब दिया कि सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। कानून का पालन करने वालों को पूरा सम्मान मिलेगा, लेकिन कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

10.50 लाख युवाओं को नौकरी देने का लक्ष्य

रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को नौकरी देने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी 2027 तक यह संख्या साढ़े 10 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। टैबलेट वितरण योजना के तहत पहले चरण में करीब 60 लाख युवाओं को डिजिटल डिवाइस दिए गए। अब दूसरे चरण में 25 लाख और युवाओं को टैबलेट देने की योजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को एआई, ड्रोन, रोबोटिक्स, 3डी प्रिंटिंग और सेमीकंडक्टर जैसे नए क्षेत्रों में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

राहुल गांधी और अखिलेश के PDA पर जमकर कसा तंज

कार्यक्रम के रैपिड फायर राउंड के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कई राजनीतिक सवालों के जवाब अपने अंदाज में दिए। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उन्हें ऐसा रॉकेट बताया, जो लॉन्च होने के बाद भी सफल नहीं हो पाता। वहीं अखिलेश यादव के PDA पर तंज कसते हुए उन्होंने इसे परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी बता दिया। योगी ने उत्तर प्रदेश को अनलिमिटेड पोटेंशियल वाला प्रदेश और बुलडोजर को प्रदेश की ताकत बताया।

घुसपैठियों पर अखिलेश को दिया जवाब

अखिलेश यादव की घुसपैठियों से जुड़ी टिप्पणी पर भी मुख्यमंत्री ने करारा जवाब दिया। योगी ने कहा कि बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से गलत तरीके से भारत में आने वाले लोगों को समाजवादी पार्टी अपना करीबी मानती है। उन्होंने कहा कि वह अविभाजित उत्तर प्रदेश के नागरिक हैं और 1992 से गोरखपुर में रहकर समाज की सेवा कर रहे हैं। उत्तराखंड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह देवभूमि है। वहां से गंगा और यमुना जैसी नदियां निकलती हैं और वहां के जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। योगी ने कहा कि अखिलेश यादव के साथ उनकी कोई व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है। वह एक संन्यासी हैं और उन्हें अपनी पहचान के लिए किसी से प्रमाणपत्र लेने की जरूरत नहीं है।

वहीं, कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी से उनकी मां के निधन के बाद हरिद्वार में अंतिम संस्कार करके उसी दिन लखनऊ लौटने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, यही संन्यासी धर्म है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संन्यासी का काम सिर्फ मठ या गुफा में बैठना नहीं है। जब देश और समाज के सामने कोई चुनौती आए तो उसके लिए खड़ा होना भी संन्यासी का धर्म है। 

Explore Related Topics

SP Congress Alliance Two Boys Alliance UP Election 2027

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News