Tuesday, 24 November 2026 | Lucknow | 29°C

Guru Nanak Jayanti 2026: अन्याय के खिलाफ खड़े होना ही सच्ची आध्यात्मिकता..., प्रकाश पर्व पर बोले CM योगी

Guru Nanak Jayanti 2026: गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने नाम जपो, कीरत करो, वंड छको, लंगर परंपरा और चारों साहिबजादों के बलिदान का महत्व बताया।
Bureau
Bureau News Desk
24 Nov 2026
03:54 PM
1 min read
Guru Nanak Jayanti 2026: अन्याय के खिलाफ खड़े होना ही सच्ची आध्यात्मिकता..., प्रकाश पर्व पर बोले CM योगी
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से समाज को मिलती है एकता की प्रेरणा
लंगर में जाति-धर्म का भेद नहीं, सभी को समान सम्मान
गुरु तेग बहादुर और चारों साहिबजादों के बलिदान को किया याद
लखनऊ से शुरू हुई वीर बाल दिवस की पहल को मिला राष्ट्रीय स्वरूप

Guru Nanak Jayanti 2026: लखनऊ में सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर डीएवी पीजी कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए उनकी शिक्षाओं, सामाजिक समानता, सेवा और मानवता के संदेश को याद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को अज्ञानता से निकालकर सत्य, श्रद्धा और सद्भाव का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरु नानक देव के तीन प्रमुख सिद्धांतों 'नाम जपो, कीरत करो और वंड छको' की व्याख्या की। उन्होंने कहा कि नाम जपो का अर्थ ईश्वर का स्मरण करना, कीरत करो का अर्थ मेहनत और ईमानदारी से जीवनयापन करना तथा वंड छको का अर्थ अपनी कमाई और भोजन को दूसरों के साथ बांटना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर का स्मरण और कीर्तन मनुष्य के भीतर श्रद्धा तथा सकारात्मकता पैदा करते हैं। इससे अज्ञानता दूर होती है और समाज में एकजुटता की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के माध्यम से ही ज्ञान की प्राप्ति होती है।

मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारों में संचालित लंगर की परंपरा को सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि लंगर में किसी व्यक्ति की जाति, धर्म या मजहब नहीं पूछा जाता। सभी लोग एक साथ पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह व्यवस्था समानता, सेवा और मानवीय संवेदना का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं केवल धार्मिक उपदेश तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज में भेदभाव समाप्त करने और जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा भी देती हैं।

https://x.com/myogiadityanath/status/2125140508787998889/video/1

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने आध्यात्मिकता को केवल व्यक्तिगत साधना तक सीमित नहीं रखा। उन्होंने अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। यदि समाज में किसी के साथ अन्याय हो रहा है तो उसके सामने मौन रहना सच्ची आध्यात्मिकता नहीं है। मुख्यमंत्री ने गुरु तेग बहादुर के सर्वोच्च बलिदान, गुरु गोविंद सिंह जी के संघर्ष और चारों साहिबजादों की शहादत को इसी आध्यात्मिक चेतना का उदाहरण बताया। उन्होंने बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह के साहस एवं बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारों साहिबजादों के बलिदान से युवा पीढ़ी को परिचित कराने के लिए 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की पहल की गई थी। उन्होंने बताया कि लखनऊ के सिख गुरुद्वारों के सहयोग से इस आयोजन को आगे बढ़ाया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास में सात वर्ष पहले गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व का आयोजन हुआ था। इसके बाद वहां वीर बाल दिवस के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने प्रसन्नता जताई कि लखनऊ से शुरू हुई यह पहल अब राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक स्वरूप ले चुकी है।

https://x.com/myogiadityanath/status/2125140941124358167/video/1

मुख्यमंत्री ने कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह चार बजे से ही धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की जानकारी ले रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ, हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गढ़मुक्तेश्वर में लगभग 15 लाख और तिगरी में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान करने की जानकारी दी गई। प्रयागराज, फर्रुखाबाद, अयोध्या और काशी में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा की संध्या पर काशी में देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इसी खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व और कार्तिक पूर्णिमा का एक साथ पड़ना इस दिन को विशेष आध्यात्मिक महत्व प्रदान करता है। गुरु नानक देव की शिक्षाएं, सिख गुरुओं का त्याग और सेवा की परंपरा आने वाली पीढ़ियों को मानवता, समानता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेंगी।

Explore Related Topics

Guru Nanak Jayanti 2026 Guru Nanak Dev Ji 557th Prakash Parv CM Yogi Adityanath

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News