Sultanpur News: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सुल्तानपुर की विशेष एमपी-एमएलए अदालत से बड़ी राहत मिली है। विशेष एमपी-एमएलए अदालत ने साल 2021 के पंचायत चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन के उल्लंघन से जुड़े मामले में संजय सिंह समेत सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया है। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा की अदालत ने मंगलवार को साक्ष्यों के अभाव में यह निर्णय सुनाया। सुनवाई के दौरान संजय सिंह खुद अदालत में उपस्थित रहे।
पूरा मामला 13 अप्रैल 2021 का है। आरोप था कि संजय सिंह ने सुल्तानपुर के बंधुआकला थाना क्षेत्र स्थित हसनपुर गांव में जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी सलमा बेगम के समर्थन में बिना प्रशासनिक अनुमति के चुनावी सभा आयोजित की थी। इस मामले में तत्कालीन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव की तहरीर पर राज्यसभा सांसद संजय सिंह सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपियों पर आदर्श आचार संहिता और कोरोना संक्रमण के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान एक आरोपी की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद शेष 12 आरोपियों के खिलाफ अदालत में सुनवाई जारी रही। बीते 18 नवंबर को अभियोजन पक्ष के चार गवाहों के बयान दर्ज किए गए थे। इसके बाद अभियोजन और बचाव पक्ष की ओर से अंतिम बहस पूरी की गई। विशेष मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद सभी 12 जीवित आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया। अदालत के इस फैसले से करीब पांच साल पुराने मुकदमे का निस्तारण हो गया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें