Wednesday, 25 November 2026 | Lucknow | 29°C

UP News: एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन रहा मेरठ: सीएम योगी आदित्यनाथ

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया।
Bureau
Bureau News Desk
25 Nov 2026
01:55 PM
1 min read
UP News: एडवांस्ड ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग का नया हब बन रहा मेरठ: सीएम योगी आदित्यनाथ
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
मेरठ में 2,900 करोड़ रुपये से बनेगा बॉल कॉर्पोरेशन का मेगा प्लांट
सीएम योगी ने किया शिलान्यास
हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार
2017 के बाद यूपी में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ के इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में वैश्विक कंपनी बॉल कॉर्पोरेशन की नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का शिलान्यास किया। 2,900 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से बनने वाली इस आधुनिक फैक्ट्री में एल्युमिनियम बेवरेज कैन का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को मजबूत करने के साथ प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बॉल कॉर्पोरेशन की टीम का स्वागत किया और कहा कि उत्तर प्रदेश वैश्विक निवेशकों के लिए पसंदीदा निवेश केंद्र बन रहा है। उन्होंने हाल में सीएनएच इंडस्ट्रियल के 1,200 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश वाले प्लांट और ताइवान की कंपनी क्रिएटिव सेंसर के साथ 1,100 करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्तावित निवेश पर हुई चर्चा का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉल कॉर्पोरेशन का प्लांट मेरठ के औद्योगिक विकास में एंकर यूनिट की भूमिका निभाएगा। इससे हजारों युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही स्थानीय एमएसएमई, पैकेजिंग कंपनियों, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक्स और रीसाइक्लिंग से जुड़े कारोबारियों को भी नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मेरठ पहले से ही खेल उत्पादों और काष्ठ एवं पारंपरिक उद्योगों के लिए प्रसिद्ध है। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के निर्माण के साथ अब यह शहर आधुनिक वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग का भी प्रमुख केंद्र बन रहा है।

सीएम योगी ने मेरठ की बेहतर कनेक्टिविटी को निवेश के लिए बड़ी ताकत बताया। नमो भारत रैपिड रेल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेसवे, जेवर एयरपोर्ट और ईस्टर्न-वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की पहुंच से क्षेत्र को बड़ा औद्योगिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारत में सॉफ्ट ड्रिंक्स, जूस, एनर्जी ड्रिंक्स और रेडी-टू-ड्रिंक उत्पादों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में यह प्लांट कंपनी को भारतीय और वैश्विक बाजारों में विस्तार का अवसर देगा।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उनके मुताबिक, प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में 21 हजार से अधिक नई फैक्ट्रियां स्थापित हुई हैं और अब कुल फैक्ट्रियों की संख्या 35 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट के तहत 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग का लगभग 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट्स का 60 प्रतिशत उत्पादन कर रहा है। डाटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में भी निवेश बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि प्रदेश में लगभग एक करोड़ एमएसएमई इकाइयां और 25 हजार से अधिक स्टार्टअप आर्थिक विकास में योगदान दे रहे हैं। निवेश को आसान बनाने के लिए 36 सेक्टोरल पॉलिसी, 75 हजार एकड़ से अधिक का इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, 27 आधुनिक आईएमएलसी क्लस्टर और निवेश मित्र सिंगल विंडो पोर्टल विकसित किए गए हैं। उन्होंने बॉल कॉर्पोरेशन से स्थानीय एमएसएमई से खरीद बढ़ाने, युवाओं के कौशल विकास में सहयोग करने और अधिकृत रीसाइक्लिंग कंपनियों के साथ पर्यावरण अनुकूल उत्पादन को बढ़ावा देने की अपील की।मुख्यमंत्री ने कंपनी को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार परियोजना के हर चरण में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि सैमसंग, एलजी, डिक्सन, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, पेप्सिको और बॉल कॉर्पोरेशन जैसी कंपनियों का निवेश प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को मजबूती देगा।

Explore Related Topics

Ball Corporation Meerut Plant Yogi Adityanath Meerut Industrial Development

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News