उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर हुई फायरिंग के मामले पर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिला सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले हर अपराधी को यूपी पुलिस का सख्त जवाब मिलेगा। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि बरेली में घटना के पीछे शामिल अपराधी “मारीच की तरह” राज्य में दाखिल हुआ था, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद वह तड़पते हुए चिल्ला उठा कि वह गलती से यूपी की सीमा में आ गया है और दोबारा ऐसा दुस्साहस नहीं करेगा।
सीएम योगी ने साफ कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “जो भी व्यक्ति महिला सुरक्षा में सेंध लगाने का प्रयास करेगा, उसे पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा और यही संदेश हम हर अपराधी तक पहुंचाना चाहते हैं।”
सूत्रों के अनुसार, दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी ने आरोपियों के एनकाउंटर के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात की थी। उन्होंने इस कार्रवाई के लिए सीएम को धन्यवाद देते हुए विश्वास जताया कि योगी सरकार महिला सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति से जुड़ा फोल्डर भी जारी किया और निर्देश दिए कि यह सामग्री हर स्कूल और कॉलेज की बालिकाओं तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि की शुरुआत होने वाली है और मां भगवती की साधना के साथ ही प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प दोहरा रही है। योगी ने कहा, “हर विभाग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। जब महिला बीट पुलिस अधिकारी वार्ड स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम में जाएंगी तो उनका पहला संवाद महिला सुरक्षा से जुड़ा होना चाहिए। घर की हिंसा हो या बाहर की—हर परिस्थिति में सही परामर्श और सख्त कार्रवाई जरूरी है।”
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें