>उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में जनता से सीधे संवाद करते हुए स्पष्ट संदेश दिया की “किसी गरीब का इलाज धन के अभाव में नहीं रुकना चाहिए।” उन्होंने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी जरूरतमंद इलाज या सहायता के लिए परेशान न हो, सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है।
>गोरखपुर में आयोजित जनता दर्शन में सीएम योगी ने प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात की। करीब 60 से अधिक लोगों ने पुलिस, राजस्व, भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़ों और आर्थिक मदद से जुड़े मामलों में अपनी समस्याएं बताईं। मुख्यमंत्री ने सभी को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर शिकायत का निस्तारण निश्चित समय सीमा में हो तथा पीड़ित को न्याय और संतुष्टि दोनों मिले।
>जनता दर्शन के दौरान कुछ लोगों ने चोरी की घटनाओं में पुलिस की ढिलाई और रिकवरी न होने की शिकायत की। इस पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल जांच और कार्रवाई का आदेश दिया। उन्होंने कहा, निर्दोष को परेशान न किया जाए, लेकिन अपराधियों पर कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि शासन की प्राथमिकता पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही है, और प्रत्येक अधिकारी को जनता के हितों को सर्वोच्च रखना चाहिए।
>कार्यक्रम में एक फरियादी ने बीमार परिजन के इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगी। सीएम योगी ने तत्काल संवेदना जताई और कहा, आप अस्पताल से सिर्फ एस्टीमेट भेजें, बाकी चिंता सरकार करेगी। किसी गरीब का इलाज धन के अभाव में रुकना मानवता के खिलाफ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हर जरूरतमंद को शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा का अधिकार मिलना चाहिए, यही उनकी सरकार की प्रतिबद्धता है।
>जनता दर्शन में पहुंचे नन्हे-मुन्नों को सीएम योगी ने प्यार से दुलार किया और उन्हें चॉकलेट भेंट की। बच्चों से कहा खूब पढ़ो, खेलो और माता-पिता का नाम रोशन करो।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें