>दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुलाबी बाग इलाके में हुए 18 वर्षीय अंकित के ब्लाइंड मर्डर केस को 26 दिनों की जांच के बाद सुलझाते हुए आरोपी आशीष को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला 16 नवंबर को तब सामने आया था, जब अंकित रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था।
>पुलिस के अनुसार, अंकित के गुमशुदा होने की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई, लेकिन शुरुआती चरण में कोई ठोस सुराग नहीं मिला। इस दौरान बवाना स्थित मुंडका नहर से एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। हालत खराब होने के कारण शव की पहचान मुश्किल थी। मिसिंग पर्सन डेटा और अज्ञात शवों के मिलान के बाद पुलिस ने शव को अंकित का होने की पुष्टि की।
>तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी। 11 दिसंबर को सूचना मिली कि आरोपी आशीष घेवरा कंझावला रोड पर देखा गया है, जिसके बाद स्पेशल सेल ने उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या की बात स्वीकार की।
>पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर की शाम आशीष ने अंकित को टिकरी कलां बुलाकर नुकीले हथियार से उसकी हत्या कर दी और बाद में सबूत मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया। आरोपी पर हरियाणा में भी मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें