राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को चर्चित क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ के दूसरे सीज़न का ट्रेलर लॉन्च किया गया। इस अवसर पर शहर के एक निजी होटल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सीरीज़ की स्टारकास्ट के साथ वास्तविक जीवन के इंस्पेक्टर अविनाश भी मौजूद रहे। मेकर्स ने घोषणा की कि यह सीरीज़ 15 मई 2026 से जिओहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी।
ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान अभिनेता रणदीप हूडा ने सीरीज़ के दूसरे सीज़न को पहले से अधिक इंटेंस और भावनात्मक बताया। इस सीज़न में वह एक बार फिर इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की भूमिका निभाते नजर आएंगे। उनके साथ उर्वशी रौतेला, अमित सियाल, अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालीन भनोट और फ्रेड्डी दारुवाला भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
सीरीज़ की कहानी 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें अपराध, राजनीति और सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार के बीच संघर्ष को दिखाया गया है। ट्रेलर के अनुसार इस बार इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा अपने बेटे की हत्या के आरोप, पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरी और सिस्टम के भीतर चल रही साजिशों से जूझते नजर आएंगे।
ट्रेलर में हाई-वोल्टेज एक्शन सीक्वेंस, इमोशनल ड्रामा और कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिले। मेकर्स का दावा है कि दूसरा सीज़न पहले सीज़न की तुलना में अधिक बड़ा, बोल्ड और रोमांच से भरपूर होगा। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों और मीडिया प्रतिनिधियों ने ट्रेलर को लेकर उत्साह भी जताया।
इवेंट में रणदीप हुडा ने कहा कि इस बार अविनाश का संघर्ष केवल अपराधियों से नहीं बल्कि अपने परिवार और अस्तित्व को बचाने की लड़ाई भी है। वहीं उर्वशी रौतेला ने सीरीज़ को एक्शन और इमोशन का बेहतरीन मिश्रण बताया। सीरीज़ का निर्देशन नीरज पाठक ने किया है, जबकि इसे जिओ स्टूडियोज के बैनर तले तैयार किया गया है। ट्रेलर लॉन्च के बाद सोशल मीडिया पर भी सीरीज़ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम में मौजूद कलाकारों और मेकर्स ने उम्मीद जताई कि दर्शकों को इस बार कहानी का नया और अधिक गहन पक्ष देखने को मिलेगा। सीरीज़ 15 मई से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें