आईपीएल में श्रेयस अय्यर पर लगा 12 लाख रुपये का जुर्माना

पंजाब किंग्स की जीत के बावजूद कप्तान पर हुई कार्रवाई
Bureau 01 Apr 2026, 12:48 PM 1 min read
आईपीएल में  श्रेयस अय्यर पर लगा 12 लाख रुपये का जुर्माना

 

इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के चौथे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटंस को रोमांचक अंदाज में हराया, लेकिन मैच के बाद टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर पर स्लो ओवर रेट के कारण जुर्माना लगाया गया है। बीसीसीआई की आईपीएल समिति ने अय्यर पर 12 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया है।

 

मंगलवार को खेले गए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने अंतिम ओवर में गुजरात टाइटंस को हराकर जीत दर्ज की। मैच काफी रोमांचक रहा और आखिरी ओवर तक परिणाम अनिश्चित बना रहा। मैच के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से बड़ा योगदान नहीं दे सके, लेकिन उन्होंने 11 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 18 रन बनाए। कप्तानी के स्तर पर उन्होंने टीम को जीत दिलाई, हालांकि ओवर गति बनाए रखने में चूक हो गई।

 

आईपीएल के नियमों के अनुसार, अय्यर निर्धारित समय में 20 ओवर पूरे नहीं कर सके, जिसके चलते उन पर स्लो ओवर रेट का जुर्माना लगाया गया। यह इस सीजन में उनकी टीम का पहला उल्लंघन है, इसलिए उन पर 12 लाख रुपये का दंड लगाया गया है। आईपीएल की ओर से जारी बयान में कहा गया, यह सीजन में उनकी टीम का पहला अपराध था, जो आईपीएल के आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत आता है और न्यूनतम ओवर गति से जुड़ा है। अय्यर पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

 

नियम और संभावित कार्रवाई: आईपीएल के नियमों के अनुसार, यदि श्रेयस अय्यर दोबारा स्लो ओवर रेट के दोषी पाए जाते हैं तो उन पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इसके साथ ही प्लेइंग इलेवन के अन्य खिलाड़ियों पर भी 6 लाख रुपये या मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है। तीसरी बार इस तरह की गलती होने पर कप्तान पर एक मैच का प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है।

 

मैच के दौरान चोटिल हुए अय्यर: मुकाबले के दौरान श्रेयस अय्यर चोटिल भी हुए थे। बल्लेबाजी के समय नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े अय्यर के हाथ पर कूपर कोनोली का तेज शॉट लगा, जिससे वह दर्द में दिखाई दिए। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी। मैच के बाद अय्यर ने बताया कि चोट गंभीर नहीं है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें