>राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अचानक गांधी वॉर्ड का निरीक्षण करने पहुंच गए। जैसे ही उन्होंने देखा कि मरीजों की भीड़ उमस और गर्मी से बेहाल है और वॉर्ड का AC बंद पड़ा है, उन्होंने मौके पर ही इंजीनियरों और प्रशासनिक अधिकारियों की जमकर क्लास ले ली
“AC बंद क्यों है?”—डिप्टी सीएम की फटकार से कांपे अफसर
>करीब 11:45 बजे डिप्टी सीएम भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी विंध्यवासिनी कुमार को देखने गांधी वॉर्ड पहुंचे थे, जो इन दिनों यहां भर्ती हैं। लेकिन वहां गर्मी में तड़पते मरीजों और बंद पड़े एयर कंडीशनर को देखकर उनका पारा चढ़ गया।
>जांच करने पर बताया गया कि “इलेक्ट्रिकल फॉल्ट” की वजह से AC काम नहीं कर रहा। यह सुनते ही डिप्टी सीएम भड़क उठे। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों को फटकार लगाई और रजिस्ट्रार अर्चना को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
टूटे प्लास्टर और गंदगी पर भी सख्त निर्देश
>निरीक्षण के दौरान गांधी वॉर्ड परिसर की दीवारों से झड़ता प्लास्टर और साफ-सफाई की बदहाली भी नजर आई। इस पर भी डिप्टी सीएम ने तुरंत रिपेयर और स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ट्रॉमा सेंटर का भी लिया जायजा
>गांधी वॉर्ड से निकलकर डिप्टी सीएम सीधे ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और वहां 5वें फ्लोर पर भर्ती मरीजों की स्थिति देखी। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमराज सिंह और उनकी टीम को निर्देश दिया कि गंभीर रोगियों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
KGMU प्रशासन की सफाई
>KGMU प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पूर्व MLC की तबीयत जानने आए थे। उन्होंने बताया कि MLC की स्थिति अब स्थिर है और उन्हें स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। वहीं, गांधी वॉर्ड के AC को तुरंत सुधारने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें