>किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के पेन मेडिसिन यूनिट ने इंडियन सोसाइटी ऑफ प्रोस्थोडॉन्टिक्स, रेस्टोरेटिव डेंटिस्ट्री एवं पीरियोडॉन्टिक्स और महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ, केजीएमयू के सहयोग से पहली बार पैलियेटिव देखभाल से जुड़े रोगियों के पारिवारिक देखभालकर्ताओं के लिए विशेष कार्यशाला का आयोजन किया।
>कार्यशाला का उद्घाटन डॉ. अमिता पांडे, डीन नर्सिंग संकाय, और डॉ. पुनिता माणिक, फैकल्टी इंचार्ज, महिला सशक्तिकरण प्रकोष्ठ ने किया। इस दौरान आयोजन अध्यक्ष डॉ. सारिता सिंह और आयोजन सचिव डॉ. रिदम मौजूद रहीं। ISPRP के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद फ़िरोज़ ने ऑनलाइन संबोधन दिया।
>कार्यक्रम में डॉ. प्रोमिला वर्मा, डॉ. निशामणि पांडे और डॉ. रमेश्वरी सिंघल ने संसाधन वक्ता के रूप में विभिन्न सत्रों का संचालन किया। बिस्तर पर निर्भर रोगियों की देखभाल, पैलियेटिव मरीजों की मौखिक देखभाल और तनाव प्रबंधन जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रतिभागियों के लिए मौखिक स्वच्छता किट और खाद्य सामग्री भी वितरित की गई।
>कार्यक्रम में वास्तविक जीवन की चुनौतियों पर आधारित एक नाट्य मंचन भी प्रस्तुत किया गया। देखभालकर्ताओं ने सत्रों को उपयोगी बताया और चिकित्सकों से संवाद कर अनुभव साझा किए। डॉ. सारिता सिंह और डॉ. रिदम ने कहा कि देखभालकर्ताओं के समर्थन हेतु ऐसी कार्यशालाएँ आगे भी आयोजित की जाती रहेंगी।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें