राजधानी लखनऊ में वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए मड़ियांव थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग इलाकों से बाइक चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेच देता था और उससे मिलने वाली रकम अपने शौक पूरे करने में खर्च करता था।
पुलिस के अनुसार, 27 मई 2026 को मड़ियांव थाना पुलिस क्षेत्र में चेकिंग अभियान और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सीतापुर रोड स्थित मड़ियांव पुल के नीचे चोरी के वाहनों के साथ मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सुमित जायसवाल पुत्र स्वर्गीय अमरनाथ जायसवाल निवासी डालीगंज क्रॉसिंग, थाना हसनगंज, लखनऊ के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद वाहनों के संबंध में मड़ियांव, अलीगंज और विकासनगर थानों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मड़ियांव थाना के तीन, अलीगंज का एक और विकासनगर का एक मामला शामिल है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी चोरी, धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी अन्य थानों और जिलों से भी जुटाई जा रही है। बरामद वाहनों में हीरो ग्लैमर, टीवीएस अपाचे, पैशन प्रो, होंडा शाइन, सुपर स्प्लेंडर और सुजुकी स्कूटी समेत कई बाइकें शामिल हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें