राजधानी लखनऊ में लंबे समय से बंद पड़े जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर परिसर में मंगलवार से पार्किंग व्यवस्था शुरू कर दी गई है। करीब 500 वाहनों की क्षमता वाली यह पार्किंग फिलहाल निःशुल्क रहेगी। इसके शुरू होने से एलडीए रोड पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
लखनऊ विकास प्राधिकरण ने जर्जर होती जेपीएनआईसी इमारत की पार्किंग को उपयोग में लाने का निर्णय लिया है। वर्ष 2017 से लंबित पड़ी इस परियोजना में यह पहली सक्रिय पहल मानी जा रही है। 813 करोड़ रुपये से अधिक लागत से निर्मित 18 मंजिला जेपीएनआईसी भवन का लगभग 80 प्रतिशत कार्य 2017 तक पूरा हो चुका था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद निर्माण कार्य रुक गया।
वर्ष 2016 में परिसर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन हुआ था, हालांकि ऑल वेदर स्विमिंग पूल समेत कई सुविधाएं आज भी बंद हैं। संग्रहालय, कोर्ट, हेलीपैड और 100 कमरों वाला गेस्ट हाउस तैयार होने के बावजूद उपयोग में नहीं आ सके हैं। परिसर में स्थापित जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा और खाली पड़ी इमारतें देखरेख के अभाव की स्थिति दर्शाती हैं।
परियोजना के निर्माण में कथित अनियमितताओं की जांच जारी है। योगी सरकार ने पूर्व में जांच के आदेश दिए थे और एलडीए स्तर पर पड़ताल की प्रक्रिया चल रही है। फिलहाल आम लोगों की एंट्री पार्किंग तक सीमित है, जबकि जेपीएनआईसी के अन्य हिस्से अब भी पूर्ण रूप से संचालित नहीं हो सके हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें