राजधानी लखनऊ से एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि एक युवक ने पहले दोस्ती की, फिर खुद को अविवाहित बताकर शादी का भरोसा दिलाया और इसी आधार पर करीब तीन वर्षों तक उसका कथित रूप से शोषण किया। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने अलग-अलग जरूरतों का हवाला देकर उससे लगभग 70 हजार रुपये भी लिए। बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
पीड़िता ने मामले में लखनऊ पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि या आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पीड़िता के अनुसार वर्ष 2023 में आशियाना से चिनहट आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात राहुल सिंह नामक युवक से हुई थी। महिला का दावा है कि उस समय आरोपी फिनिक्स मॉल में नौकरी करता था। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। महिला का आरोप है कि आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताया और शादी का वादा किया।
यह खबर भी पढ़े - 2027 चुनाव से पहले सपा का नया दांव, अखिलेश बोले- PDA में पंडित भी हैं
महिला का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाने के बाद आरोपी समय-समय पर उसे चिनहट क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में बुलाता रहा। पीड़िता का कहना है कि इसी दौरान उसके साथ कई बार शोषण किया गया। महिला का दावा है कि उसने आरोपी पर विश्वास करते हुए उसके साथ संबंध बनाए क्योंकि उसे शादी का भरोसा दिया गया था।
पीड़िता का आरोप है कि रिश्ते के दौरान आरोपी लगातार आर्थिक मदद मांगता रहा। कभी निजी जरूरत तो कभी अन्य कारण बताकर उसने अलग-अलग समय पर उससे लगभग 70 हजार रुपये ले लिए। महिला का कहना है कि उसने शादी की उम्मीद में आरोपी की आर्थिक सहायता की, लेकिन बाद में उसे धोखा मिलने का एहसास हुआ।
महिला के अनुसार कुछ समय बाद उसे जानकारी मिली कि राहुल सिंह पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि इस जानकारी के सामने आने के बाद जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
महिला का कहना है कि न्याय की उम्मीद लेकर उसने पुलिस से संपर्क किया, लेकिन उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता के अनुसार पहले आशियाना थाने ने घटना क्षेत्र चिनहट बताते हुए वहां भेज दिया। इसके बाद चिनहट थाने में उसे बताया गया कि मामला उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है और उसे फिर आशियाना तथा बाद में कृष्णानगर थाने जाने की सलाह दी गई। महिला का आरोप है कि कई दिनों तक अलग-अलग थानों के चक्कर लगाने के बावजूद उसकी शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
पीड़िता ने लखनऊ पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। एसएचओ चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा के अनुसार पीड़िता से प्राप्त तहरीर पर जांच जारी है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें