KGMU Conversion Case: लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) से जुड़े धर्मांतरण मामले को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मामले में विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने कड़ी नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन के पदाधिकारी गोपाल राय ने धर्मांतरण और लव जिहाद के दोषियों को मृत्युदंड देने की मांग उठाई है। साथ ही उत्तर प्रदेश की योगी सरकार से मामले में किसी भी आरोपी को संरक्षण नहीं देने की अपील की है।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद की वाराणसी टीम ने अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनीष राय के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने केजीएमयू से धर्मांतरण नेटवर्क, व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से युवतियों से संपर्क और प्रेम संबंधों की आड़ में धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों पर चिंता जताई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों द्वारा हिंदू युवतियों को प्रेम, विवाह, नौकरी और आर्थिक सहायता का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगठन ने इसे महिलाओं की धार्मिक स्वतंत्रता, सम्मान और गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बताया।
परिषद ने मांग की कि केजीएमयू जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में सामने आए आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जाए। संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप के माध्यम से युवतियों को संपर्क में लेकर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोपों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।संगठन ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके पद, पेशे या राजनीतिक प्रभाव की परवाह किए बिना कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने प्रदेश सरकार से मामले में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने और दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने की मांग की है। संगठन ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा संस्थानों की गरिमा और सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें