Patna Encounter: पटना के मनेर थाना क्षेत्र अन्तर्गत धनतेरस के दिन बिहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। शेरपुर गंगा नदी इलाके में पटना एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम की शुक्रवार को अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गयी। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें तीन बदमाशों को पुलिस को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान मनेर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। थानाध्यक्ष को उपचार के लिए पटना भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में मारे गए अपराधियों की पहचान जेपी यादव, सूरज कुमार उर्फ राजा शर्मा और बबलू कुमार के रूप में हुई है। मारे गये तीनों अपराधी व्यापुर के पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भोलू की हत्या में शामिल थे। पुलिस के मुताबिक सूरज और बबलू ने हत्याकांड में शूटर की भूमिका निभाई थी, वहीं जेपी यादव मुख्य साजिशकर्ता था। बताया जा रहा है कि तीनों ही पेशेवर अपराधी थे और सुपारी लेकर हत्या की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक शेरपुर इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच शुक्रवार को काफी समय तक गोलीबारी चलती रही। अपराधियों ने पुलिस टीम पर कई राउंड फायरिंग की, पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दानापुर-2 के एसडीपीओ एके झा ने बताया कि तीनों अपराधियों के खिलाफ कई थानों में मामले दर्ज हैं और तीनों की वांछित चल रहे थे। मुठभेड़ के बाद मौके से दो पिस्तौल, एक देसी कट्टा और कई खोखे बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और एफएसएल की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की है। उल्लेखनीय है कि बीते माह 19 अक्टूबर को दुर्गा अष्टमी को पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार और पिंटू कुमार अपने घर की दलान पर बैठे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल सवार चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने लगभग एक दर्जन गोलियां चलाईं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान संजीत कुमार की मौत हो गई। वहीं प्रखंड प्रमुख के पति पिंटू कुमार की जांघ में गोली लगी थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें