प्रतीक यादव मौत मामला: सिविल अस्पताल ने जहर दिए जाने की अटकलों को किया खारिज, पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चर्चा तेज

सिविल अस्पताल के निदेशक बोले- अब तक पॉइज़निंग जैसा कोई तथ्य सामने नहीं आया, कई तरह की चर्चाओं पर टिप्पणी से बचा प्रशासन।
Bureau 13 May 2026, 01:15 PM 1 min read
प्रतीक यादव मौत मामला: सिविल अस्पताल ने जहर दिए जाने की अटकलों को किया खारिज, पल्मोनरी एम्बोलिज्म की चर्चा तेज

 

समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव के निधन के बाद उठ रही जहर दिए जाने की अटकलों पर अब लखनऊ के सिविल अस्पताल प्रशासन ने बड़ा बयान दिया है। अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.सी. गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि अब तक जांच या मेडिकल प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की पॉइज़निंग अथवा जहर दिए जाने जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से भी किसी व्यक्ति को ऐसी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

 

बुधवार सुबह लखनऊ में प्रतीक यादव का निधन हो गया। वह लगभग 38 वर्ष के थे। जानकारी के मुताबिक उन्हें अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.सी. गुप्ता ने बताया कि अस्पताल प्रशासन ने सभी आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रियाओं का पालन किया और मृत्यु की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों तथा पुलिस को सूचित कर दिया गया।

 

डॉ. गुप्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन अस्पताल प्रशासन के स्तर पर अभी तक ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है जिससे यह कहा जा सके कि प्रतीक यादव को जहर दिया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल की ओर से किसी को भी पॉइज़निंग संबंधी कोई सूचना नहीं दी गई है।

 

अस्पताल प्रशासन के अनुसार बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे प्रतीक यादव के घर से उनका वाहन चालक मदद मांगने के लिए अस्पताल पहुंचा था। इसके बाद तत्काल एक चिकित्सा अधिकारी को उनके आवास पर भेजा गया। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

इस बीच यह चर्चा भी सामने आई कि प्रतीक यादव अपने घर की रसोई में बेहोश अवस्था में मिले थे। हालांकि इस सवाल पर डॉ. गुप्ता ने सीधे तौर पर पुष्टि करने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कई प्रकार की बातें कही जा रही हैं, लेकिन बिना आधिकारिक जांच और पुष्टि के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।

 

सूत्रों के अनुसार प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि वह पल्मोनरी एम्बोलिज्म जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इस बीमारी में खून का थक्का फेफड़ों की रक्त नलिकाओं में फंस जाता है, जिससे शरीर में रक्त संचार प्रभावित होता है और स्थिति जानलेवा हो सकती है।

 

जानकारी के मुताबिक 30 अप्रैल को भी प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उनकी स्थिति में कुछ सुधार हुआ था, लेकिन बाद में वह डॉक्टरों को बिना सूचना दिए अस्पताल से घर लौट आए थे। इसके बाद से वह घर पर ही रह रहे थे।

 

प्रतीक यादव की मौत के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। वहीं उनकी मौत को लेकर उठ रही तमाम अटकलों के बीच अब सभी की नजर संभावित मेडिकल रिपोर्ट और आधिकारिक जांच पर टिकी हुई है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें


Related News

अलीगंज अग्निकांड के बाद केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव, पीड़ित परिवारों के लिए एक करोड़ रुपये की मदद की मांग
15 मौतों के बाद खुलीं पुरानी फाइलें, रिपोर्ट में सामने आए 1043 भवनों से जुड़े तथ्य
मोमबत्तियों की रोशनी में नम हुई आंखें, छात्रों की याद में निकला कैंडल मार्च
रात 3:30 बजे चीखों से टूटी लोगों की नींद, छत पर पहुंचते ही सामने था खून से लथपथ मां का चेहरा
'दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे'... बलिदान दिवस पर CM योगी ने याद किया डॉ. मुखर्जी का संदेश
अब बीएसबी स्कूलों के छात्रों के रिकॉर्ड भी राष्ट्रीय व्यवस्था से जुड़ेंगे, यूपी सरकार ने तेज की बड़ी प्रक्रिया
जिस इमारत में गईं 15 जानें, अब उसी पर बुलडोजर की तैयारी? 2016 का आदेश फिर चर्चा में
लखनऊ अग्निकांड के बाद सवालों की बौछार, संसद से बुलडोजर कार्रवाई तक तेज हुई सियासत
2016 में गिराने का आदेश हुआ था, फिर 15 लोगों की जान लेने वाली इमारत कैसे बची रही?