>उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने कफ सिरप तस्करी मामले में आरोपी और बर्खास्त सिपाही आलोक सिंह को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पहले भगोड़ा घोषित किया गया था और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी।
>सूत्रों के अनुसार, जहरीले कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े इस मामले में आलोक सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया गया था। पुलिस को जानकारी मिली थी कि वह सरेंडर करने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही टीम ने उसे पकड़ लिया। जांच में सामने आया है कि कम समय में ही उसने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित की, जिसकी एसटीएफ गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस रैकेट में उसकी भूमिका अहम रही है और उसका संबंध वाराणसी के अमित टाटा से भी बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी पहले हो चुकी है। एसटीएफ अब आरोपी की चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की तैयारी कर रही है।
>जांच में इस सिंडिकेट में पूर्वांचल के एक बाहुबली का नाम भी सामने आया है, जिसे संरक्षण देने का आरोप है। मामले में कफ सिरप के कथित सरगना शुभम जायसवाल के दुबई भागने और उसके पिता भोला जायसवाल की कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तारी की जानकारी भी सामने आई है। अब तक इस प्रकरण में 40 एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें