Amul Price Hike: दीपावली से पहले आम जनमानस को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने घी और बटर के दाम में बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले का सीधा असर उन परिवारों के बजट पर पड़ सकता है, जो त्योहारों के दौरान मिठाइयां, नमकीन और अन्य पकवान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। कंपनी ने 1 किलो घी के पैक की कीमत में 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की है, जबकि 500 ग्राम बटर का पैक 15 रुपये महंगा हो गया है।
अमूल की नई कीमतों के मुताबिक एक किलो घी का कार्टन अब 630 रुपये के बजाय 680 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 ग्राम प्योर घी पाउच की कीमत 325 रुपये से बढ़ाकर 345 रुपये कर दी गई है। बटर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। 100 ग्राम बटर का पैक अब 63 रुपये के बजाय 66 रुपये में मिलेगा। वहीं, 500 ग्राम बटर की कीमत 310 रुपये से बढ़कर 325 रुपये हो गई है। कीमतों में बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह घी की बढ़ती मांग और सप्लाई में कमी बताई जा रही है। गुजरात और राजस्थान में नकली घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ग्राहकों का रुझान ब्रांडेड घी की ओर बढ़ा है।
रिपोर्ट के मुताबिक पिछले छह महीनों में दोनों राज्यों से करीब दो लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है। इसके अलावा त्योहारों के दौरान पूरे साल की कुल घी खपत का लगभग 45 प्रतिशत इस्तेमाल होता है। ऐसे में दिवाली से पहले मांग बढ़ने के कारण बाजार में दबाव बढ़ गया है। गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा में अमूल घी की सप्लाई प्रभावित होने की शिकायतें सामने आई हैं। खासतौर पर गाय के घी की उपलब्धता कम बताई जा रही है। कुछ अमूल पार्लर संचालकों के अनुसार, उन्हें मांग के मुकाबले काफी कम मात्रा में घी मिल रहा है। पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर से भी पहले सप्लाई में दिक्कतों की खबरें सामने आई थीं।
सितंबर 2025 में डेयरी उत्पादों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर पांच फीसदी किए जाने के बाद अमूल ने करीब 700 उत्पादों की कीमतें कम की थीं। उस समय घी और बटर भी सस्ते हुए थे। त्योहारों के सीजन में घी और बटर महंगे होने से घरेलू बजट प्रभावित होना तय माना जा रहा है। ग्राहकों के सामने अब दोहरी चुनौती हैकृएक तरफ बढ़ती कीमतें और दूसरी तरफ बाजार में उत्पादों की कम उपलब्धता।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें