Anant Singh: बिहार में ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें फिर बढ़ने वाली हैं। छोटी बेटी शिवांगी की विदाई के बाद अब उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। दुलारचंद यादव हत्याकांड में उच्चतम न्यायालय ने अनंत सिंह को सरेंडर करने का निर्देश दिया है। बेटी की शादी के नौ दिन बाद जेल जाने के साथ ही विधानसभा सदस्यता बचाने की चुनौती भी अनंत सिंह के सामने खड़ी हो गई है। अनंत सिंह ने अपनी बेटी शिवांगी की शादी ऋषिकेश के साथ की। विवाह समारोह में कई मशहूर हस्तियों ने शिरकत किया। पारिवारिक जिम्मेदारी पूरी करने के बाद अब अनंत सिंह को कानूनी मामलों का सामना करना होगा।
बीते साल एक नवंबर को अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था। उन पर हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पटना उच्च न्यायालय ने 19 मार्च को उन्हें जमानत दे दी थी। उच्च न्यायालय से मिली जमानत के खिलाफ मृतक दुलारचंद यादव के पोते नीरज कुमार ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। न्यायमूर्ति एमएम सुंदरेश और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने याचिका पर सुनवाई की। मामले में सुनवाई के बाद कोर्ट ने अनंत सिंह को आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था। साथ ही बिहार पुलिस को भी चार माह के अंदर इस मामले की जांच पूरी करने का आदेश दिया था।
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान मोकामा में हुई हिंसक घटना से जुड़ा यह मामला है। चुनाव प्रचार के दौरान जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह और जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थकों के काफिले आमने-सामने आ गए थे। जिसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच हिंसा भड़क गई। इसी दौरान जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी। आरोप है कि उन्हें एसयूवी से कुचल दिया गया था। वहीं परिजनों ने गोली मारने का भी आरोप लगाया था। इस हत्याकांड में अनंत सिंह पर साजिश रचने का आरोप के चलते गिरफ्तार किया गया था।
अब अनंत सिंह के सामने केवल जेल जाने की ही चुनौती नहीं है, बल्कि उनकी विधायकी पर भी संकट मंडरा रहा है। जेडीयू से निष्कासित होने के बाद पार्टी ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से अनंत सिंह की विधायकी खत्म करने की मांग की थी। पार्टी की ओर से यह कहा गया कि एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ बयानबाजी की और जन सुराज पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया। इसके बाद विधानसभा सचिवालय ने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा था।
शुरुआत में श्री सिंह को सात दिन की मोहलत दी गयी थी, लेकिन अनंत सिंह ने बेटी शिवांगी के विवाह का हवाला देकर अतिरिक्त समय मांगा था। अब निर्धारित किया गया 30 नवंबर को खत्म हो रहा है। यह माना जा रहा है कि अनंत सिंह कानूनी सलाह लेने के बाद विधानसभा अध्यक्ष को जवाब सौंप सकते हैं। राजनीतिक जानकारों की मानें तो अगर अनंत सिंह की सदस्यता रद्द होती है तो मोकामा विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो सकता है। ऐसे में अनंत सिंह के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ उच्चतम न्यायालय के आदेश के तहत आत्मसमर्पण करना है, वहीं विधानसभा सदस्यता बचाने के लिए कानूनी पक्ष रखना है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें