UP Politics: राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए जाने से माहौल गरमा गया है। राजधानी के बर्लिंगटन क्रॉसिंग पर लगे इन पोस्टरों में दोनों सपा नेताओं की तस्वीरों पर लाल रंग से क्रॉस का निशान लगा हुआ है। पोस्टर के जरिए साल 2013 के मुजफ्फरनगर जनपद के दंगों को लेकर सपा नेताओं पर निशाना साधा गया है।
पोस्टर में दोनों नेताओं की तस्वीरों के साथ ही बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा हुआ है कि मुजफ्फरनगर दंगों के कातिल मुसलमानों के लीडर नहीं हो सकते। इसके नीचे समस्त अब्दुल समाज उत्तर प्रदेश लिखा हुआ है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आखिर ये पोस्टर किस संगठन या व्यक्ति की ओर से लगाये गये हैं।
राजधानी लखनऊ में लगे विवादित पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुजफ्फरनगर दंगों के समय उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री और आजम खान को तत्कालीन प्रभारी मंत्री बताया गया है। इसके जरिए दोनों नेताओं की भूमिका पर सवाल खड़े करने की कोशिश की गई है। पोस्टर में अंतरराष्ट्रीय समाचार संस्था अल जजीरा का भी जिक्र है। पोस्टर में समाचार संस्था अल जजीरा की एक खबर का स्क्रीनशॉट भी लगा हुआ है। जिसमें मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान राहत शिविरों में रहने वाले बच्चों की मौत का उल्लेख है।
जिसमें लिखा गया है कि राहत शिविरों में कड़ाके की ठंड के दौरान कुछ सप्ताह में लगभग 30 बच्चों की मौत हुई थी। पोस्टर के जरिए इसी घटना को आधार बनाकर तत्कालीन सपा सरकार पर निशाना साधा गया है। उल्लेखनीय है कि साल 2013 में मुजफ्फरनगर और आसपास के क्षेत्रों में हिंसा भड़क गई थी। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। शिविरों में बदहाल व्यवस्थाओं और बच्चों की मौत को लेकर तत्कालीन सपा सरकार की आलोचना हुई थी।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें