Lucknow News: मेडिकल की पढ़ाई करने और डॉक्टर बनने का सपना लेकर KGMU पहुंचे जूनियर छात्रों को सीनियरों की हरकतों से परेशान होना पड़ रहा था। रात के सन्नाटे में अचानक वीडियो कॉल आती थी। कभी डांस करने का दबाव बनाया जाता तो कभी सीनियरों के सामने लाइन में खड़े होकर उन्हें 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' केहना पड़ता था। विरोध करने पर अभद्रता की जाती थी। इसी को लेकर जूनियर छात्रों की शिकायत और वायरल वीडियो के बाद KGMU प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है।
KGMU में रैगिंग के मामले में 38 MBBS छात्रों को 3 महीने के लिए निलंबित कर दिया गया है। इन सभी को क्लास के साथ हॉस्टल से भी बाहर कर दिया गया है। इसके साथ ही छात्र पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा एक साल तक उनकी स्कॉलरशिप भी रोक दी गई है। जिन छात्रों पर कार्रवाई हुई में 36 छात्र MBBS 2025 बैच के हैं, जबकि दो छात्र 2026 बैच के हैं। जांच में दो जूनियर छात्र भी सीनियरों की रैगिंग में मदद करते पाए गए और एंटी रैगिंग कमेटी ने उन्हें भी दोषी माना है।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि सीनियर छात्र रात 12 बजे से दो बजे के बीच जूनियर छात्रों को परेशान करते थे। उन्हें वीडियो कॉल करके नींद से जगाया जाता था। इसके बाद गाने और म्यूजिक पर डांस करने के लिए मजबूर किया जाता था। इतना ही नहीं, जूनियर छात्रों को सीनियरों के सामने कतार में खड़ा होना पड़ता था। उनसे 'प्रणाम महोदय' और 'प्रणाम मैडम' कहलवाया जाता था। जो छात्र इसका विरोध करते थे, उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया जाता था। इस तरह की हरकतों से जूनियर छात्र परेशान थे।
वायरल वीडियो से सामने आया मामला
KGMU में रैगिंग का मामला 16 नवंबर को सामने आया था। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें जूनियर छात्र सीनियरों के सामने लाइन में खड़े होकर 'प्रणाम महोदय-प्रणाम मैडम' कहते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया। शिकायतें मिलने के बाद एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच शुरू की। जांच में जूनियर छात्रों को परेशान करने और उनके साथ अभद्रता किए जाने की पुष्टि हुई।
जांच के बाद 38 छात्रों हुए सस्पेंन्ड
19 नवंबर को हुई बैठक में एंटी रैगिंग कमेटी ने अपनी रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करने पर सहमति जताई। इसके बाद कुलपति की मंजूरी मिलने पर 26 नवंबर को निलंबन का आदेश जारी कर दिया गया। इस कार्रवाई के तहत सभी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। उन्हें हॉस्टल भी खाली करना होगा। साथ ही 25-25 हजार रुपये जुर्माना और एक साल तक छात्रवृत्ति रोकने का फैसला लिया गया है।
रैगिंग की शिकायत तुरंत करें छात्र
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने, परेशान करने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने छात्रों से अपील की कि अगर उनके साथ रैगिंग होती है या उन्हें इसकी जानकारी मिलती है तो तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को बताएं। इस कार्रवाई के बाद KGMU में रैगिंग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मेडिकल संस्थान में पढ़ने वाले छात्र अपने भविष्य के साथ-साथ सम्मान और सुरक्षित माहौल की भी उम्मीद करते हैं।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें