Delimitation Bill 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दे दी गई। प्रस्ताव के तहत देश के सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत तक बढ़ाने की योजना है। अब सरकार इस विधेयक को संसद के दोनों सदनों यानी लोकसभा और राज्यसभा में पेश करेगी। इसे पारित कराने के लिए संविधान संशोधन के तहत दो-तिहाई बहुमत की आवश्यकता होगी।
सरकार के इस निर्णय के बाद देश की संसदीय राजनीति में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है। प्रस्ताव के अनुसार यदि विधेयक संसद से पारित हो जाता है तो लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 850 तक हो सकती हैं। इसमें उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और केरल की सीटें 20 से बढ़कर 30 हो सकती हैं। सूत्रों के अनुसार कैबिनेट ने कुछ संशोधनों के साथ विधेयक को मंजूरी दी है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद किसी राज्य की संसदीय हिस्सेदारी अन्य राज्यों की तुलना में कम न हो। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी राज्यों में लोकसभा सीटें 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बताया जा रहा है कि 2051 तक सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
विधेयक को संसद में पारित कराने के लिए एनडीए सरकार को दो-तिहाई बहुमत जुटाना होगा। राजनीतिक गलियारों में डीएमके और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) की भूमिका को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सूत्रों का दावा है कि इन दलों के रुख में बदलाव आया है और वे विधेयक का समर्थन कर सकते हैं। अंतिम स्थिति संसद में मतदान के दौरान ही स्पष्ट होगी। विदित हो कि इसी वर्ष अप्रैल में सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयक संसद में पेश किए थे। इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक शामिल थे।
17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक पर हुए मतदान में सरकार को झटका लगा था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे, जबकि 11 सांसदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। जरूरी 352 वोट नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था। इस प्रस्ताव का एक प्रमुख उद्देश्य महिला आरक्षण को लागू करने का रास्ता आसान बनाना भी है। यदि विधेयक पारित होता है तो प्रस्तावित 850 लोकसभा सीटों में से 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रावधान लागू किया जा सकेगा।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें