Friday, 27 November 2026 | Lucknow | 29°C

Gonda News: CM योगी ने 46,800 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट, बोले: डिजिटल शिक्षा से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

Gonda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए।
Bureau
Bureau News Desk
27 Nov 2026
03:39 PM
1 min read
Gonda News: CM योगी ने 46,800 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट, बोले: डिजिटल शिक्षा से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर
सोर्स-फाइल फोटो
हाइलाइट्स
देवीपाटन मंडल के चार जिलों के छात्रों को मिली सौगात
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मिलेगी मदद
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ ली सेल्फी
युवाओं को देश का भविष्य बताया

Gonda News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए। गोंडा के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के पहुंचते ही विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत माता के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। टैबलेट मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस दौरान छात्र-छात्राएं 'योगी जी का साथ है, भविष्य अपने हाथ है' जैसे नारे लगाते नजर आए। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर विद्यार्थियों का अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छात्रों को डिजिटल शिक्षा और आधुनिक तकनीक से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत देवीपाटन मंडल के चार जिलों में टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थी शामिल हैं। योजना का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ना और उन्हें आधुनिक तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और विभिन्न शैक्षिक पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे।

cm yogi111.jpg

टैबलेट प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने कहा कि इससे उनकी पढ़ाई आसान होगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि टैबलेट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। बहराइच की मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम और अन्य विद्यार्थियों ने बताया कि इसके माध्यम से वे निशुल्क ऑनलाइन कोर्स कर सकेंगे। साथ ही रोजगार, इंटर्नशिप और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारियां भी प्राप्त कर पाएंगे। श्रावस्ती और बलरामपुर के विद्यार्थियों ने भी टैबलेट मिलने पर प्रसन्नता जताई। उनका कहना था कि डिजिटल संसाधनों से उन्हें नई चीजें सीखने और भविष्य की तैयारी करने में मदद मिलेगी।

cm yogi11.jpg

कार्यक्रम में केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री एवं गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि आज शिक्षा, व्यापार, कृषि, चिकित्सा और रोजगार सहित प्रत्येक क्षेत्र में डिजिटल तकनीक की भूमिका बढ़ रही है। ऐसे समय में विद्यार्थियों को तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराना उनके भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया मिशन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत डिजिटल तकनीक और ऑनलाइन भुगतान के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भी तकनीकी विकास को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल कौशल विकसित करने, अच्छे संस्कार अपनाने और देश-दुनिया में उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

कैसरगंज के सांसद करण भूषण सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनके सामने देवीपाटन मंडल का भविष्य मौजूद है। इन्हीं विद्यार्थियों में से कोई इंजीनियर बनेगा तो कोई वैज्ञानिक और अधिकारी बनकर देश की सेवा करेगा। उन्होंने युवाओं से मेहनत, ईमानदारी और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंच से उतरकर विद्यार्थियों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उनके साथ सेल्फी भी ली। 

Explore Related Topics

Yogi Adityanath CM Yogi News UP Tablet Distribution

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें

इस खबर को खबर पढ़ने के लिए आपका धन्यवाद

ऐसी ही खबरों के लिए निचे स्क्रॉल करें

या होम पेज पर लेटेस्ट न्यूज़ पढ़ने के लिए क्लिक करें →

Related News