Moradabad Road Accident: जिले के छजलैट थाना क्षेत्र के मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे के लदावली गांव स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। यहां यूपी रोडवेज की बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गयी। वहीं 11 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के मुरादाबाद डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलएन 7524 छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। बस जैसे ही लदावली गांव के पास पहुंची। वहां सामने से आ रही गन्ने की खाली ट्रैक्टर-ट्रॉली से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी ज्यादा जोरदार थी कि बस की चालक साइड का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में छजलैट के सदूपुरा गांव में रहने वाले जॉनसन मसीह की 30 वर्षीय पत्नी अर्चना और पांच वर्षीय बेटे सुशांत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बिजनौर जनपद के शिवाला कलां थाना क्षेत्र के रतनगढ़ गांव में रहने वाले लोकेंद्र (50) पुत्र जुगल किशोर और नूरपुर थाना क्षेत्र के कोट गांव में रहने वाली दीपा उर्फ दीपिका चैहान (30) पत्नी प्रखत चैहान की भी जान चली गयी। वहीं 35 वर्षीय जॉनसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बस में सवार 11 से ज्यादा यात्री गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना की जानकारी होते ही छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर यातायात बाधिक हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सड़क से हटा यातायात फिर से सुचारु कराया। घटना की जानकारी होते ही उपजिलाधिकारी मयंक कुंडू और सीओ कांठ अभिनव द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे और जायजा लिया।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें