Ambedkar Nagar News: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत अम्बेडकरनगर जिले में मतदाता सूची को दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी क्रम में जनपद के सभी 2149 मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण को प्राथमिकता देने को कहा। डीएम ने BLO को निर्देशित किया कि वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अभियान चलाएं तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में शामिल नहीं है तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकता है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, किसी नाम को हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम या अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।प्रशासन का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें