Varanasi News: धर्म नगरी काशी में शनिवार को काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का शुभारंभ हुआ। नमो घाट पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इससे पहले दोनों नेताओं ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन किया और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
काशी-तमिल संगमम में शामिल होने के लिए तमिलनाडु से 250 छात्र वाराणसी पहुंचे। शनिवार सुबह सभी छात्रों ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। विश्वनाथ धाम में मंदिर प्रशासन की ओर से छात्रों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। पुष्पवर्षा और डमरू वादन के बीच उनका अभिनंदन किया गया। इसके साथ ही सभी छात्रों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किए गए।

काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। इस बार तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। नमो घाट पर तमिलनाडु के प्रसिद्ध लूंगी, साड़ी और अन्य पारंपरिक उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं काशी की ओर से बनारसी साड़ियों सहित स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है।
इस वर्ष संगमम की थीम 'तिरुक्कुरल पयिलोम-तिरुक्कुरल अभ्यास करें' रखी गई है। इसका उद्देश्य महान तमिल कवि तिरुवल्लुवर की प्रसिद्ध रचना तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों तक पहुंचाना है। आयोजन के दौरान शैक्षणिक संवाद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, भाषा संबंधी गतिविधियां और विभिन्न विषयों पर प्रदर्शनियां आयोजित होंगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर और दक्षिण भारत की सांस्कृतिक, साहित्यिक और भाषाई विरासत को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
Explore Related Topics
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें