>देश की राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच दिल्ली सरकार ने स्कूली बच्चों की सेहत को लेकर अहम फैसला लिया है। सरकारी स्कूलों में कक्षा के भीतर हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे।
>शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने जानकारी दी कि पहले चरण में दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 10 हजार एयर प्यूरीफायर लगाए जाएंगे, जिसके लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यह योजना चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी और उन स्कूलों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां छात्रों की संख्या अधिक है और प्रदूषण का स्तर ज्यादा रहता है।
>दिल्ली में AQI के लगातार खराब स्तर पर पहुंचने के कारण पहले ही कक्षा 5 तक की पढ़ाई ऑनलाइन की जा चुकी है। शिक्षा विभाग के अनुसार, एयर प्यूरीफायर क्लासरूम के अंदर स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने में सहायक होंगे, जिससे बच्चों की सेहत और पढ़ाई पर प्रदूषण का असर कम किया जा सकेगा।
>शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा, शिक्षा विभाग स्मार्ट क्लासरूम के साथ बच्चों को बेहतर और स्वच्छ हवा देने के लिए सरकारी स्कूलों में 10 हजार एयर प्यूरीफायर लगाने जा रहा है, ताकि बच्चों को कक्षाओं में शुद्ध हवा मिल सके। दिल्ली सरकार का यह निर्णय बढ़ते प्रदूषण के बीच स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें