वायरल वीडियो बना सबूत: दूध-दही की क्रेट चुराने वाला गैंग पुलिस के शिकंजे में

सुबह-सुबह सप्लायर का पीछा, फिर उड़ जाती थीं दूध की क्रेट
Bureau 05 Apr 2026, 05:32 PM 1 min read
वायरल वीडियो बना सबूत: दूध-दही की क्रेट चुराने वाला गैंग पुलिस के शिकंजे में

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दूध और दही की क्रेट चोरी करने वाले एक संगठित गैंग का पर्दाफाश हुआ है। आउटर जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस के अनुसार, हाल ही में एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कुछ लोग खुलेआम दूध और दही की क्रेट चोरी करते हुए दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

 

जांच के दौरान 3 अप्रैल को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि इस वारदात में शामिल आरोपी मोहित उर्फ पाथा और आयुष मान पांडे उर्फ पंडित शिव विहार (विकास नगर) स्थित एक चर्च के पास अपने साथी से मिलने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर जाल बिछाया।

 

कुछ समय बाद एक थ्री-व्हीलर वहां पहुंचा। जैसे ही एक युवक वाहन से उतरा, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को वाहन से 14 खाली दूध की क्रेट बरामद हुईं। वाहन के कागजात मांगे जाने पर आरोपी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच में सामने आया कि उक्त थ्री-व्हीलर प्रेम नगर क्षेत्र से चोरी किया गया था।

 

पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करने के तरीके का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग सुबह सुबह दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा करता था। जब सप्लायर घरों या दुकानों के बाहर दूध की क्रेट रखकर आगे बढ़ जाते थे, तो आरोपी मौके का फायदा उठाकर उन क्रेट्स को अपने वाहन में लादकर फरार हो जाते थे। चोरी किए गए दूध और दही को ये आरोपी डाबड़ी और बिंदापुर के सप्लाई पॉइंट्स पर बेच देते थे।

 

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित उर्फ पाथा रन्होला क्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग तथा वाहन चोरी के 38 से अधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह फरवरी 2026 में ही जेल से रिहा हुआ था। दूसरा आरोपी आयुष मान पांडे उर्फ पंडित भी रन्होला इलाके का निवासी है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस गैंग से जुड़े अन्य मामलों की जांच की जा रही है।

← Previous Story Next Story →

 

टिप्पणियाँ

टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें