ग्रेटर नोएडा में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कारोबारी समेत तीन घरों में चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण, नगदी, ऑटो और अन्य सामान सहित करीब 50 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद किया गया है।
सेंट्रल डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल जिले के तुमरईघाट गांव निवासी प्रदीप यादव उर्फ फौजी पुत्र वीर सिंह, शिव कुमार उर्फ चूंचा पुत्र वीर सिंह, धनीपुर गांव निवासी वीरेश उर्फ वीरा पुत्र मदनपाल तथा महोबा निवासी सूरज उर्फ बंटा पुत्र राजू उर्फ पप्पू अहीरवार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हाल ही में डेल्टा-1 और ओमीक्रोन-3 क्षेत्रों में बंद पड़े मकानों के ताले और ग्रिल तोड़कर चोरी की तीन बड़ी घटनाओं को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य पहले ऑटो में सवार होकर दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों में बंद मकानों की रेकी करते थे।
रेकी के बाद मकानों में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया जाता था और चोरी का सामान ऑटो में रखकर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह में कुल पांच सदस्य शामिल हैं। इनमें से दो आरोपी बाहर रहकर लोगों की गतिविधियों पर नजर रखते थे, जबकि अन्य सदस्य मकान के अंदर प्रवेश कर चोरी करते थे।
पुलिस के मुताबिक 21 मई को ओमीक्रोन-3 स्थित बी-260 मकान में हुई चोरी की घटना को भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था। मकान मालिक और कारोबारी मानस गुप्ता 15 मई को अपने परिवार के साथ लद्दाख घूमने गए हुए थे। इस दौरान चोर घर में रखी तिजोरी से सोने के सेट और 3.70 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। इसके अलावा 24 मई को डेल्टा-1 के एफ-524 और ई-328 मकानों में भी चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनमें इस गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी प्रदीप यादव पर छह, वीरेश पर 11, सूरज पर 10 और शिव कुमार पर 12 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो सोने की चेन, तीन सोने के बिस्कुट, 65 हजार रुपये नकद, सोने के तीन हार, चार कंगन, 11 अंगूठियां, मंगलसूत्र, चांदी का दो हजार रुपये का नोट, एक ऑटो, तीन चाकू समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए लॉगिन करें